टीएचडीसी अमिलिया कोल माइंस के गेट पर 20 दिन से अधिक चला धरना समाप्त, 30 सूत्रीय मांगों पर बनी सहमति
एसडीएम कृष्णा सुशीर की मौजूदगी में विस्थापितों और कंपनी प्रबंधन के बीच हुई वार्ता, 3 माह में स्कूल और 24 घंटे स्वास्थ्य सुविधा शुरू करने का आश्वासन

सिंगरौली। देवसर क्षेत्र के टीएचडीसी अमिलिया कोल माइंस कंपनी के पिड़रवाह गेट के सामने पिछले 20 दिनों से अधिक समय से चल रहा विस्थापितों का धरना-प्रदर्शन बुधवार को समाप्त हो गया। देवसर एसडीएम कृष्णा सुशीर के बुलावे पर विस्थापित नेताओं और कंपनी प्रबंधन के प्रतिनिधियों के बीच हुई बैठक में 30 सूत्रीय मांगों में से कई पर सहमति बनी। एसडीएम के आश्वासन के बाद आंदोलनकारियों ने धरना समाप्त करने की घोषणा की।
बैठक में विस्थापित नेता बृजेश तिवारी, तेंदुहा सरपंच छोटे सिंह मरावी, विस्थापित संघ के पदाधिकारी तथा टीएचडीसी अमिलिया कोल माइंस की ओर से राजेंद्र सिंह और गोसाईं मौजूद रहे। बिरला कंपनी की ओर से बृजेश सिंह, विश्लेष नागर, सत्यजीत बलियार सिंह सहित अन्य कर्मचारी भी वार्ता में शामिल हुए।
सरस्वती स्कूल की जगह खुलेगा सीबीएसई स्कूल
वार्ता में पचौर के तेंदूडोल में स्कूल संचालन का मुद्दा प्रमुखता से उठा। विस्थापित पक्ष की ओर से बृजेश तिवारी और सरपंच छोटे सिंह मरावी की पहल के बाद सरस्वती स्कूल खोलने के प्रस्ताव पर सहमति नहीं बनी। इसके स्थान पर डीपीएस जैसे सीबीएसई पाठ्यक्रम आधारित स्कूल खोलने की बात तय हुई। इसके लिए 3 महीने की समयसीमा बताई गई।
स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं पर भी सहमति
बैठक में प्राथमिक चिकित्सालय को 8 घंटे के बजाय 24 घंटे संचालित करने और एंबुलेंस सेवा भी चौबीसों घंटे उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया गया। विस्थापित कॉलोनी में खुली नालियों के निर्माण का काम गुरुवार से शुरू कराने की बात कही गई। विस्थापित श्रेणी में पात्र लोगों के नाम सूची में जोड़ने पर भी सहमति बनी।
स्थानीय रोजगार और काम के बंटवारे पर चर्चा
टीएचडीसी कंपनी क्षेत्र में होने वाले छोटे-मोटे कार्यों को किसी एक व्यक्ति को एकतरफा तरीके से देने के बजाय अलग-अलग लोगों में बांटकर देने की बात रखी गई। कंपनी में कार्यरत करीब 1700 से 1800 कर्मचारियों की सूची सार्वजनिक करने पर भी चर्चा हुई, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कौन कर्मचारी किस क्षेत्र का निवासी है। स्थानीय लोगों को 70 प्रतिशत रोजगार देने का प्रयास करने का आश्वासन भी दिया गया।
वार्ता में शामिल विस्थापित नेता बृजेश तिवारी और सरपंच छोटे सिंह मरावी ने कहा कि एसडीएम कृष्णा सुशीर के आश्वासन और मांगों पर बनी सहमति के बाद धरना समाप्त किया गया है। हालांकि 30 सूत्रीय मांगों में कई बिंदुओं पर ही सहमति बनी है, शेष मांगों पर आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।













