बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

देवउठनी एकादशी पर योगनिद्रा से जागेंगे भगवान विष्णु, होगा तुलसी-शालिग्राम विवाह

20 नवंबर को मनाया जाएगा हरिप्रबोधिनी एकादशी का पर्व, चातुर्मास समाप्त होने के साथ शुरू होंगे मांगलिक और वैवाहिक आयोजन : डॉ. एन.पी. मिश्र

सिंगरौली। सनातन धर्म में देवउठनी एकादशी अथवा देवोत्थान एकादशी का विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 को यह पर्व श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। धार्मिक मान्यता है कि इस दिन सृष्टि के पालनहार भगवान श्रीहरि विष्णु चार माह की योगनिद्रा से जागृत होते हैं। इसके साथ ही चातुर्मास का समापन होता है और विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्यक्रमों की शुरुआत होती है।ज्योतिषविद् एवं शिवधाम मंदिर वैढ़न के महाप्रबंधक पं. डॉ. एन.पी. मिश्र ने बताया कि देवउठनी एकादशी को हरिप्रबोधिनी और देवोत्थान एकादशी भी कहा जाता है। मान्यता के अनुसार आषाढ़ शुक्ल पक्ष की देवशयनी एकादशी को भगवान विष्णु योगनिद्रा में जाते हैं और कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी को जागृत होते हैं। इस दिन श्रद्धालु विधि-विधान से भगवान विष्णु का पूजन कर उन्हें योगनिद्रा से जगाते हैं।

इस अवसर पर माता तुलसी और भगवान शालिग्राम का विवाह पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न कराया जाता है। घरों और मंदिरों में तुलसी विवाह के आयोजन होते हैं। कई स्थानों पर यह धार्मिक उत्सव कार्तिक पूर्णिमा तक चलता है। देवउठनी एकादशी से ही विवाह, गृह प्रवेश और अन्य मांगलिक कार्यों का शुभारंभ माना जाता है।

देवउठनी एकादशी की पूजा विधि
पं. डॉ. मिश्र के अनुसार इस दिन श्रद्धालुओं को ब्रह्ममुहूर्त में उठकर स्नान करना चाहिए और स्वच्छ वस्त्र धारण करने के बाद भगवान विष्णु का ध्यान करते हुए व्रत का संकल्प लेना चाहिए। इसके बाद सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित कर भगवान श्रीहरि विष्णु की विधिवत पूजा-अर्चना करनी चाहिए।पूजन में भगवान को पीले पुष्प, पुष्पमाला, पीला चंदन, अक्षत, तुलसी दल, फल और मिष्ठान अर्पित किए जाते हैं। इसके बाद धूप-दीप प्रज्वलित कर विष्णु चालीसा, विष्णु मंत्र और देवउठनी एकादशी व्रत कथा का पाठ किया जाता है। अंत में भगवान की आरती कर परिवार की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की जाती है।सायंकाल घर के आंगन अथवा पूजा स्थल पर गेरू और चावल के आटे से चौक बनाया जाता है। भगवान विष्णु के चरण चिह्न बनाकर गन्ने से मंडप सजाया जाता है। इसके बाद भगवान की प्रतिमा या चित्र स्थापित कर पूजा की जाती है। सूर्यास्त के बाद शंख, घंटी और थाली बजाकर पारंपरिक लोकगीतों के माध्यम से भगवान विष्णु को योगनिद्रा से जगाने की परंपरा है।

तुलसी विवाह का विशेष धार्मिक महत्व
देवउठनी एकादशी पर माता तुलसी का विवाह भगवान शालिग्राम के साथ कराने की परंपरा है। धार्मिक मान्यता के अनुसार तुलसी विवाह से घर-परिवार में सुख-समृद्धि, शांति और मंगल का आगमन होता है। यह आयोजन भगवान विष्णु और माता तुलसी के प्रति श्रद्धा एवं समर्पण का प्रतीक माना जाता है।
डॉ. एन.पी. मिश्र ने कहा कि देवउठनी एकादशी केवल व्रत और त्योहार नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और पारिवारिक संस्कारों को जीवंत रखने वाला पावन पर्व है। इस दिन व्रत, पूजन, दान-पुण्य और भगवान विष्णु के स्मरण से विशेष पुण्यफल प्राप्त होने की धार्मिक मान्यता है।

Author

Related Articles

Back to top button