बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

चटका पुल पर तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्कूटी सवार दंपति को मारी टक्कर, पत्नी की मौत

पति गंभीर रूप से घायल, स्थानीय लोगों ने चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया

सिंगरौली- मोरवा थाना क्षेत्र के चटका पुल पर गुरुवार दोपहर करीब एक बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्कूटी सवार दंपति को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से स्कूटी सवार पति सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसकी पत्नी उसी ट्रेलर के चपेट में आ गई। हादसा इतना भीषण था कि महिला ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अनपरा एटीपी कॉलोनी निवासी श्याम सुंदर दास अपनी पत्नी के साथ स्कूटी क्रमांक UP 64AQ 8138 से अनपरा से मोरवा की ओर आ रहे थे। इसी दौरान उनके पीछे तेज रफ्तार से आ रहे एसआरटी कंपनी के ट्रेलर क्रमांक UP 70FT 3286 ने चटका पुल के समीप उनकी स्कूटी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद श्याम सुंदर दास सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट आई। वहीं, उनकी पत्नी भी ट्रेलर की चपेट में आ गईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही मोरवा थाना प्रभारी निरीक्षक डॉ. ज्ञानेंद्र सिंह ने तत्काल पुलिस बल को घटनास्थल के लिए रवाना किया। मौके पर पहुंचे सहायक उपनिरीक्षक डीएन सिंह ने घायल श्याम सुंदर दास को तत्काल उपचार के लिए केंद्रीय चिकित्सालय मोरवा पहुंचाया। वहीं मृत महिला के शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया।

इधर हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रेलर चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। फिलहाल चालक मोरवा पुलिस की हिरासत में है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Author

Related Articles

Back to top button