कलेक्टर की बड़ी कार्रवाई कार्यालयीन समय पर कार्यालय में अनुपस्थित रहने वाले 41 अधिकारी-कर्मचारियों का कटेगा एक दिन का वेतन

सिंगरौली / शासकीय कार्यप्रणाली को दुरुस्त करने और प्रशासनिक अनुशासन बनाए रखने के लिए कलेक्टर ने बेहद कड़ा रुख अपनाया है। कलेक्टर श्री गौरव बैनल ने बिना किसी पूर्व सूचना और अवकाश स्वीकृति के ड्यूटी से गायब रहने वाले 41 अधिकारियों और कर्मचारियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उनका एक दिवस का वेतन काटने (अवैतनिक करने) के सख्त निर्देश जारी किए हैं।
विदित हो की 15 मई 2026 को सुबह 10:45 बजे कार्यालयीन समय के दौरान जब उपस्थिति पंजी का औचक अवलोकन किया गया, तो रजिस्टर में कुल 41 अधिकारियों और कर्मचारियों के हस्ताक्षर नहीं पाए गए। ये सभी शासकीय सेवक बिना किसी पूर्व सूचना या सक्षम अधिकारी से अवकाश स्वीकृत कराए दफ्तर से नदारद थे, जिसे कलेक्टर ने गंभीरता से लिया है।
कलेक्टर श्री बैनल ने इस कृत्य को गंभीर स्वेच्छाचारिता, घोर लापरवाही और अनुशासनहीनता की श्रेणी में मानते हुए स्पष्ट किया है कि संबंधितों का यह व्यवहार ‘मध्य प्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965’ के नियम 3(1), 3(2) एवं 3(क) के तहत कदाचरण और कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही का साफ द्योतक है। इस अनुशासनहीनता पर तत्काल कार्रवाई करते हुए कलेक्टर ने सभी 41 अधिकारी-कर्मचारियों का दिनांक 15.05.2026 का एक दिन का वेतन काटने के आदेश जारी कर दिए हैं। इसके साथ ही उन्होंने सभी शासकीय सेवकों को सख्त लहजे में सचेत किया है कि वे कार्यालयीन समय का कड़ाई से पालन करें, क्योंकि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही या लेटलतीफी की पुनरावृत्ति होने पर संबंधितों के खिलाफ सीधे कठोर दंडात्मक व अनुशासनात्मक कार्रवाई की जायेगी।













