ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

प्रतिबंध के बावजूद चल रही थी बोरिंग मशीन, प्रशासन ने की कार्रवाई

ग्रामीणों की शिकायत पर तहसीलदार और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर रुकवाया कार्य

सिंगरौली। जिले में भूजल संरक्षण को लेकर कलेक्टर द्वारा हैंडपंप एवं बोरिंग खुदाई पर प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद कई क्षेत्रों में नियमों की अनदेखी जारी है। इसी क्रम में सरई क्षेत्र अंतर्गत बरका चौकी इलाके में अवैध रूप से संचालित की जा रही बोरिंग मशीन पर प्रशासन ने कार्रवाई की है।

जानकारी के अनुसार बरका चौकी क्षेत्र में प्रतिबंध के बावजूद बोरिंग खुदाई किए जाने की शिकायत लगातार ग्रामीणों द्वारा प्रशासन को दी जा रही थी। शिकायत मिलने के बाद तहसीलदार सरई और निपेंद्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची।

निरीक्षण के दौरान मौके पर बोरिंग मशीन संचालित होती पाई गई। प्रशासनिक अधिकारियों ने तत्काल कार्य को रुकवाते हुए मशीन को जांच के दायरे में लिया तथा संबंधित संचालकों से आवश्यक दस्तावेज और अनुमति संबंधी जानकारी मांगी। प्रारंभिक जांच में बोरिंग कार्य प्रतिबंध अवधि के दौरान किए जाने की बात सामने आई है।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में जल संकट और भूजल स्तर को ध्यान में रखते हुए बिना अनुमति बोरिंग एवं हैंडपंप खुदाई पर रोक लगाई गई है। इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
तहसील प्रशासन ने बताया कि मामले की जांच जारी है और नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए क्षेत्र में अवैध बोरिंग पर लगातार निगरानी बनाए रखने की मांग की है।

Author

Related Articles

Back to top button