शासकीय आईटीआई में आयोजित युवा संगम रोजगार मेला सफल, 93 युवाओं का प्रारंभिक चयन
5 युवाओं को मौके पर मिला ऑफर लेटर, रोजगार और अप्रेंटिसशिप के लिए उमड़ी युवाओं की भीड़

सिंगरौली। जिले के बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) सिंगरौली में मंगलवार को विकासखंड स्तरीय “युवा संगम रोजगार, स्वरोजगार एवं प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेंटिसशिप मेला” का आयोजन किया गया। जिला प्रशासन, रोजगार कार्यालय, सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग तथा शासकीय आईटीआई सिंगरौली के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस मेले में बड़ी संख्या में युवाओं ने भाग लिया।
यह रोजगार मेला कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देशन एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जगदीश गोमे के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। सुबह 10:30 बजे से शुरू हुए कार्यक्रम में जिले सहित आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे युवाओं ने विभिन्न कंपनियों में रोजगार के लिए आवेदन प्रस्तुत किए। मेले में शामिल कंपनियों द्वारा युवाओं के साक्षात्कार लिए गए तथा काउंसिलिंग के माध्यम से करियर संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई।
रोजगार मेले में शामिल 9 प्रतिष्ठित संस्थाओं एवं कंपनियों द्वारा कुल 93 आवेदकों का प्रारंभिक चयन किया गया। इनमें 5 महिला आवेदकों का चयन विशेष रूप से उल्लेखनीय रहा। इसके अलावा युवा संगम योजना के अंतर्गत रोजगार एवं अप्रेंटिसशिप के लिए पात्र पाए गए 5 युवाओं को मौके पर ही ऑफर लेटर प्रदान किए गए, जिससे युवाओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
मेले के दौरान 76 आवेदकों की करियर काउंसिलिंग भी की गई। विशेषज्ञों ने युवाओं को रोजगार के बदलते अवसरों, तकनीकी प्रशिक्षण, अप्रेंटिसशिप योजनाओं और स्वरोजगार के विभिन्न विकल्पों की जानकारी दी। अधिकारियों ने युवाओं से कौशल विकास कार्यक्रमों का लाभ उठाने और आत्मनिर्भर बनने की अपील की।
कार्यक्रम में शासकीय आईटीआई सिंगरौली के प्राचार्य एवं प्रभारी जिला रोजगार अधिकारी श्यामलाल, प्रशिक्षण अधिकारी ओम प्रकाश वैश्य, रोजगार कार्यालय के काउंसलर सुदामा प्रसाद, कृष्णचंद्र, संजीव सिंह सहित जिला प्रशासन एवं संस्थान के कई अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन ने बताया कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और उन्हें उद्योगों से जोड़ने के उद्देश्य से ऐसे रोजगार मेलों का आयोजन आगे भी निरंतर किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार एवं प्रशिक्षण के अवसर मिल सकें।













