उचित मूल्य दुकान कर्सुआराजा के विक्रेता के विरुद्ध दर्ज प्राथमिक दर्ज

सिंगरौली ; जिले के माडा थाना क्षेत्र अंतर्गत शासकीय उचित मूल्य की दुकान कर्मुआराजा में खाद्यान्न वितरण और स्टॉक प्रबंधन में भारी गड़बड़ी का मामला सामने आया है। रीवा संभाग के आयुक्त बीएस जामोद और कलेक्टर गौरव बैनल के भ्रमण के दौरान 14 मई 2026 को दोपहर 1:00 से 3:00 बजे के बीच इस दुकान का औचक निरीक्षण किया गया था। जांच के दौरान कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी सम्मी कुमार पटले ने पाया कि दुकान में भौतिक रूप से मौजूद खाद्यान्न का स्टॉक, पीओएस मशीन में दर्ज रिकॉर्ड से काफी अधिक है। मिलान करने पर दुकान में 85.91 क्विंटल गेहूं, 59.5 क्विंटल चावल और 22.65 क्विंटल नमक अतिरिक्त पाया गया। इस अतिरिक्त स्टॉक की कुल बाजार कीमत ₹3,61,388.50 आंकी गई है, जिसे जब्त कर लिया गया है।
इस गंभीर अनियमितता और सरकारी राशन की हेराफेरी के प्रयास को देखते हुए, कलेक्टर सिंगरौली के अनुमोदन और अनुविभागीय अधिकारी माडा के आदेश के बाद आरोपी विक्रेता संजय कुमार पाण्डेय के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है। पुलिस थाना माडा ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 3 और 7 के तहत अपराध क्रमांक 0336/2026 दर्ज किया है।













