200 मीटर गहरी खाई में गिरा डंपर, चालक की इलाज के दौरान मौत
परिजनों ने कंपनी प्रबंधन पर लगाया लापरवाही का आरोप

सिंगरौली। जिले की रिलायंस माइंस में मंगलवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया, जहां ओवरबर्डन डंपिंग के दौरान 160 टन क्षमता वाला डंपर करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिर गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल डंपर चालक गुरुफान अली की बुधवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
मृतक गुरुफान अली उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले के निवासी थे। दुर्घटनाग्रस्त डंपर का नंबर आरडी-27 बताया गया है, जिसका संचालन गुमास्ता कंपनी द्वारा किया जा रहा था। घटना की जानकारी मिलते ही नवानगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतक के भाई दिलशाद अली ने कंपनी प्रबंधन और रिलायंस पावर पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि गुरुफान अली ने कई बार डंपर की खराब स्थिति और रखरखाव की आवश्यकता के बारे में कंपनी प्रबंधन को अवगत कराया था, लेकिन इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया।
परिजनों का आरोप है कि डंपर के ब्रेक फेल होने के कारण यह हादसा हुआ, जिसके चलते गुरुफान अली की जान चली गई। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी गई।
नवानगर थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में शिकायत दर्ज कर ली गई है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में कंपनी प्रबंधन की लापरवाही सामने आती है तो नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।













