ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सिंगरौली बैंक डकैती के 5 मास्टरमाइंड बिहार और ओडिशा से गिरफ्तार

फर्जी सिम, ठिकाने और पूरी साजिश का संचालन कर रहे थे आरोपी

सिंगरौली। वैढ़न स्थित बैंक ऑफ महाराष्‍ट्रा में हुई 15 करोड़ रुपये की सनसनीखेज डकैती मामले में सिंगरौली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सिंगरौली पुलिस ने बिहार एसटीएफ और पटना पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए डकैती की साजिश रचने वाले पांच मास्टरमाइंड आरोपियों को बिहार और ओडिशा से गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को बुधवार को सिंगरौली लाकर न्यायालय में पेश किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में प्रभाकर कुमार, हरभजन और रविनंदन कुमार चंदन शामिल हैं, जबकि दो अन्य आरोपियों के नाम जांच प्रभावित न हो इसलिए फिलहाल सार्वजनिक नहीं किए गए हैं।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि इन पांचों आरोपियों ने डकैती की पूरी प्लानिंग और लॉजिस्टिक सपोर्ट संभाला था। आरोपियों ने बैंक के भीतर घुसने वाले बदमाशों को फर्जी सिम कार्ड उपलब्ध कराए थे और पूरी वारदात का संचालन पर्दे के पीछे रहकर कर रहे थे। डकैती के बाद फरार बदमाशों के लिए सुरक्षित ठिकाने और भागने की व्यवस्था भी इन्हीं लोगों ने कराई थी।

गौरतलब है कि 17 अप्रैल को वैढ़न स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र शाखा में हथियारबंद बदमाशों ने दिनदहाड़े धावा बोलकर करीब 15 करोड़ रुपये के सोने के जेवरात और 20 लाख रुपये नकद लूट लिए थे। पुलिस द्वारा जारी तस्वीरों में पंकज शर्मा, छोटू, राजेश कुमार और फंटूश जैसे बदमाशों की पहचान सामने आई थी।

एडिशनल एसपी सर्वप्रिय सिंह ने बताया कि आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। पुलिस का मुख्य फोकस लूटे गए सोने और नकदी की बरामदगी के साथ-साथ फरार डकैतों और गिरोह के अन्य सक्रिय सदस्यों तक पहुंचना है।

Author

Related Articles

Back to top button