बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

जयंत हत्याकांड के 5 आरोपियों का पुलिस ने निकाला पैदल जुलूस, भारी बल तैनात

 

सिंगरौली। जयंत क्षेत्र में एनसीएल की दुद्धीचुआ परियोजना में कार्यरत भूपेंद्र सिंह उर्फ राजन (25) की हत्या के मामले में गिरफ्तार 5 आरोपियों का शुक्रवार को पुलिस ने पैदल जुलूस निकाला। मेडिकल जांच के बाद पुलिस आरोपियों को विंध्यनगर रोड स्थित यातायात तिराहे पर ले गई, जहां से करीब आधा किलोमीटर तक उन्हें पैदल चलाया गया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।

ओवरटेक को लेकर शुरू हुआ था विवाद

जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात नेहरू तिराहे पर सीएमपीडीआई कार्यालय के पास ओवरटेक करने को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान भूपेंद्र सिंह पर चाकू से हमला किया गया, जिससे उनकी मौत हो गई। मामले में गोविंद वर्मा, समीर वर्मा, सागर वर्मा, प्रदीप और अजय सहित अन्य लोगों के नाम सामने आए थे।

17 घंटे तक चला था विरोध प्रदर्शन

हत्या के बाद क्षेत्र में तनाव फैल गया था। परिजनों और स्थानीय लोगों ने जयंत पुलिस चौकी के सामने शव रखकर विरोध प्रदर्शन किया था। करीब 17 घंटे चले प्रदर्शन के दौरान आरोपियों के अवैध मकानों पर बुलडोजर चलाने और कड़ी कार्रवाई की मांग की गई थी। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत के बावजूद देर रात तक तनाव बना रहा। इसके बाद पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाकर स्थिति संभाली।

मृतक के भाई की सहमति के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया और फिर उसे झारखंड स्थित पैतृक गांव भेज दिया गया।

5 आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

पुलिस अधीक्षक सियाज के.एम. ने बताया कि मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों को आगे की न्यायिक प्रक्रिया के लिए न्यायालय में पेश किया जाएगा।

एसपी ने यह भी बताया कि घटनाक्रम के दौरान युवा कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष सूर्या कुमार द्विवेदी समेत करीब 18 लोगों को हिरासत में लिया गया था। सूर्या द्विवेदी को गुरुवार सुबह करीब 11 बजे सशर्त बाउंड भरवाने के बाद छोड़ दिया गया था। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Author

Related Articles

Back to top button