जनसुनवाई से निराश ग्रामीण ने कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट पर जड़ा ताला, दो घंटे तक मचा हड़कंप

सिंगरौली। कलेक्टर की जनसुनवाई और विभिन्न कार्यालयों में बार-बार आवेदन देने के बावजूद समस्या का निराकरण नहीं होने से नाराज खुटार निवासी पुष्पेंद्र पांडे ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट पर चेन से ताला लगा दिया। इस घटना से करीब दो घंटे तक कलेक्ट्रेट परिसर में अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही। ताला लगने के कारण कुछ अधिकारी और कर्मचारी कार्यालय के अंदर ही फंस गए, जबकि बाहर लोगों की आवाजाही बाधित हो गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खुलवाया गेट
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक कलेक्ट्रेट परिसर में अपनी समस्या को लेकर हंगामा कर रहा था। कलेक्ट्रेट कर्मचारियों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने साथ ले गई। कुछ देर बाद उसे छोड़ दिया गया।
इस दौरान कर्मचारियों ने युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात कही। उनका कहना था कि वह अपना नाम भी सही तरीके से नहीं बता पा रहा था और स्वयं को भारत सरकार बताते हुए कार्यक्रम आयोजित करने तथा कलेक्टर अंकित अस्थाना से सहयोग नहीं मिलने की बात कर रहा था। उसने यह भी कहा कि उसने भारत सरकार में बॉन्ड भरा हुआ है।
जनसुनवाई की उपयोगिता पर उठे सवाल
घटना ने एक बार फिर कलेक्ट्रेट की जनसुनवाई और शिकायतों के निराकरण की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों की शिकायत है कि कई बार आवेदन देने और अधिकारियों के चक्कर लगाने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हो पाता। आवेदकों को बार-बार नई तारीख मिलती है, लेकिन उनकी परेशानी जस की तस बनी रहती है।
स्थानीय स्तर पर यह सवाल भी उठ रहा है कि जिले में जमीन अधिग्रहण, जल, जंगल और जमीन से जुड़े मामलों में प्रभावित लोगों की शिकायतों पर प्रशासन कितनी गंभीरता से कार्रवाई करता है। हालांकि, इस घटना में पुष्पेंद्र पांडे की ओर से लगाए गए आरोपों और उसकी समस्या की वास्तविक स्थिति की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट पर ताला लगाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले की जांच कर आवेदक की शिकायत और जनसुनवाई में लंबित समस्याओं के निराकरण को लेकर क्या कदम उठाता है।













