बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

युवा कांग्रेस के दो दिवसीय बुनियादी प्रशिक्षण शिविर का समापन, 85 युवाओं ने लिया प्रशिक्षण

प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर प्रशिक्षणार्थियों को किया गया सम्मानित, संविधान, लोकतंत्र, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण के विषयों पर दी गई जानकारी

सिंगरौली- भारतीय युवा कांग्रेस के निर्देशन एवं मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के मार्गदर्शन में जिला युवा कांग्रेस सिंगरौली द्वारा वर्कर्स क्लब मोरवा में आयोजित दो दिवसीय बुनियादी प्रशिक्षण शिविर का 19 नवंबर को सफलतापूर्वक समापन हुआ। 18 एवं 19 नवंबर को आयोजित इस शिविर में जिले के लगभग 85 युवा प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

प्रशिक्षण शिविर के दौरान युवाओं को भारतीय संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों, भारत निर्माण, स्थानीय एवं राष्ट्रीय मुद्दों, कौशल विकास, नेतृत्व क्षमता, व्यक्तित्व निर्माण तथा संगठन के सिद्धांतों और कार्यप्रणाली से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही महात्मा गांधी, भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर सहित देश के स्वतंत्रता सेनानियों एवं राष्ट्रनिर्माताओं के जीवन, विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान की जानकारी दी गई।

शिविर के दौरान आयोजित प्रभात फेरी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इसमें युवा प्रतिभागियों ने अनुशासन एवं उत्साह के साथ भाग लेते हुए स्थानीय जनसमस्याओं और जनहित के मुद्दों को लेकर जागरूकता का संदेश दिया। इसके अलावा योग एवं अन्य गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को शारीरिक, मानसिक और वैचारिक रूप से सशक्त बनाने पर जोर दिया गया।

समापन एवं प्रमाण पत्र वितरण समारोह में भारतीय युवा कांग्रेस के महासचिव एवं मध्यप्रदेश प्रभारी शिव सिंह चौहान, मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष यश लखन गंगोरिया तथा प्रशिक्षण टीम के मोहन दीक्षित एवं राजीव प्यासी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश लघु फुटकर प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह ‘ज्ञानू’, जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के कोषाध्यक्ष बालमुकुंद सिंह परिहार, किसान प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष मनोज दुबे, शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान, मोरवा ब्लॉक अध्यक्ष शेखर सिंह एवं कांग्रेस कमेटी के पूर्व कार्यकारिणी अध्यक्ष मनोज कुलश्रेष्ठ सहित अनेक वरिष्ठ कांग्रेसजन एवं युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष प्रेम प्रकाश सिसोदिया (सोनू सिंह) की अध्यक्षता एवं नेतृत्व में आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर के अंतिम चरण में सभी 85 प्रशिक्षणार्थियों को प्रशिक्षण पूर्ण करने पर प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस दौरान युवाओं से प्रशिक्षण में प्राप्त ज्ञान, अनुशासन और संगठनात्मक कौशल को अपने-अपने क्षेत्रों में व्यवहार में लाने का आह्वान किया गया।

आयोजकों ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रमों का उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था, संवैधानिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उनमें नेतृत्व क्षमता एवं संगठनात्मक दक्षता विकसित करना है।
कार्यक्रम के समापन पर जिला युवा कांग्रेस की ओर से भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय एवं प्रदेश नेतृत्व, प्रशिक्षण टीम, वरिष्ठ कांग्रेसजनों, सहयोगियों और सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Author

Related Articles

Back to top button