तीरंदाजी और खो-खो प्रतियोगिताओं में अदाणी स्पोर्ट्स अकादमी खनुआ के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
तीरंदाजी में जीते 5 स्वर्ण पदक, खो-खो में भी खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम, क्षेत्र का बढ़ाया गौरव

सिंगरौली, । ग्रामीण एवं आदिवासी अंचलों की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए अदाणी फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे प्रयास लगातार सकारात्मक परिणाम दे रहे हैं। इसी कड़ी में अदाणी फाउंडेशन के सहयोग से संचालित अदाणी स्पोर्ट्स अकादमी, खनुआ के खिलाड़ियों ने तीरंदाजी और खो-खो की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर सिंगरौली का नाम रोशन किया है। तीरंदाजी में खिलाड़ियों ने कुल पांच स्वर्ण पदक अपने नाम किए, वहीं खो-खो में भी बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खो-खो प्रतियोगिता में अकादमी के खिलाड़ी राजा रामपाल का SG-5 में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ है।
मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के इटारसी में आयोजित राज्य स्तरीय SGFI (स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया) तीरंदाजी प्रतियोगिता में खनुआ हायर सेकेंडरी शासकीय विद्यालय के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में रोहित गुप्ता ने असाधारण खेल कौशल का परिचय देते हुए प्रथम स्कोरिंग इवेंट, द्वितीय स्कोरिंग इवेंट, ओवरऑल प्रदर्शन और टीम मुकाबले में चार स्वर्ण पदक हासिल किए। वहीं विक्रम सिंह ने टीम मुकाबले में स्वर्ण पदक जीतकर इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस प्रकार दोनों खिलाड़ियों ने मिलकर कुल पांच स्वर्ण पदक हासिल किए।
इसी तरह, 11 से 13 नवंबर तक जबलपुर में आयोजित 45वीं राष्ट्रीय चैंपियनशिप की राज्य स्तरीय जूनियर खो-खो प्रतियोगिता में अदाणी स्पोर्ट्स अकादमी, खनुआ के बालक एवं बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने सहभागिता की। बालक वर्ग में प्रमोद कुमार गुप्ता, सूरज गुप्ता, राजा रामपाल, बद्री सिंह, अजय सिंह, मुकेश सिंह, बाबूराम पनिका एवं रोहित सिंह ने भाग लिया। वहीं बालिका वर्ग में सुषमा सिंह, भगवती सिंह, पूनम सिंह, सुहाना पनिका, सरिता सिंह, करुणा नाग एवं ललिता सिंह ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर राजा रामपाल का SG-5 में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन हुआ, जो अकादमी और क्षेत्र के लिए गौरव की बात है।
उल्लेखनीय है कि अदाणी फाउंडेशन, सिंगरौली क्लस्टर द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत क्षेत्र में शिक्षा के साथ-साथ खेल गतिविधियों को भी विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है। बच्चों और युवाओं की प्रतिभा को निखारने के उद्देश्य से तीरंदाजी, क्रिकेट, फुटबॉल, कबड्डी, वॉलीबॉल, खो-खो, एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेल गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इन पहलों के माध्यम से ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों के बच्चों को प्रशिक्षण, अभ्यास और प्रतियोगिताओं में भाग लेने के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
अदाणी फाउंडेशन का मानना है कि खेल बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का प्रभावी माध्यम हैं। तीरंदाजी और खो-खो प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों की उपलब्धियां उनके कठिन परिश्रम, प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन, विद्यालय के सहयोग और खेलों को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों का परिणाम हैं। ये उपलब्धियां क्षेत्र के अन्य बच्चों और युवाओं को भी खेलों में आगे बढ़ने तथा अपनी प्रतिभा को पहचान दिलाने के लिए प्रेरित करेंगी।













