आप को बड़ा झटका: पार्टी में उपेक्षा से आहत जिलाध्यक्ष (ग्रामीण) रतिभान प्रसाद ने दिया इस्तीफा

सिंगरौली: आम आदमी पार्टी (आप) सिंगरौली की राजनीति में शुक्रवार को बड़ा भूचाल आ गया। पार्टी के जिलाध्यक्ष (ग्रामीण) रतिभान प्रसाद ने स्थानीय नेतृत्व की उपेक्षा, आंतरिक मतभेद और संवेदनहीन रवैये से क्षुब्ध होकर पार्टी के समस्त पदों सहित प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र दे दिया है। उन्होंने अपना इस्तीफा आप के मध्य प्रदेश प्रभारी जितेंद्र सिंह तोमर को प्रेषित करते हुए इसकी प्रतिलिपि राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल को भेजी है।
रतिभान प्रसाद ने त्यागपत्र में उल्लेख किया कि 10 नवंबर को आदिवासी दिवस पर मुख्यमंत्री द्वारा की गई अमर्यादित टिप्पणी के विरोध में उन्होंने 14 नवंबर को विधिवत सूचना देकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया था। प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा छोड़े गए वाटर कैनन के तेज दबाव से वे जमीन पर गिर पड़े, जिससे उनके घुटने, हाथ और सीने में गंभीर चोटें आईं। साथियों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया। उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अस्पताल में भर्ती रहने के बावजूद पार्टी के किसी भी वरिष्ठ या जिम्मेदार स्थानीय नेता ने फोन तक कर हालचाल जानना उचित नहीं समझा। इस संवेदनशील मुद्दे पर पार्टी नेतृत्व का कोई सहयोग नहीं मिला। रतिभान ने कहा कि स्थानीय नेतृत्व में आदिवासी, दलित व पिछड़े वर्ग के अधिकारों के प्रति समर्पण की बजाय निजी स्वार्थ हावी हैं। ऐसे में आत्मसम्मान और जनता के प्रति जवाबदेही को सर्वोपरि रखते हुए वे पार्टी छोड़ रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि पद न होने पर भी सिंगरौली की जनता के हक-अधिकारों की लड़ाई सड़क पर सतत जारी रहेगी।













