बाइक रैली के साथ न्यायोत्सव का भव्य समापन, जन-जन तक पहुंचाया विधिक जागरूकता का संदेश

सिंगरौली, 20 नवम्बर 2026। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार आयोजित न्यायोत्सव का समापन आज बाइक रैली के आयोजन के साथ उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। रैली के माध्यम से आमजन को उनके कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता तथा न्याय तक सहज पहुंच के प्रति जागरूक किया गया।माननीय प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री अतुल कुमार खंडेलवाल ने जिला न्यायालय परिसर से बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री धर्मेंद्र सोनी उपस्थित रहे। बाइक रैली जिला न्यायालय परिसर से प्रारंभ होकर माजन मोड़ तक पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। रैली में न्यायिक अधिकारीगण, अधिवक्तागण, पैरालीगल वॉलंटियर्स (पीएलवी) एवं लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम (एलएडीसीएस) के सदस्य उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
न्यायोत्सव के दौरान आयोजित विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं, बच्चों, श्रमिकों, दिव्यांगजनों एवं जेल में निरुद्ध बंदियों सहित समाज के विभिन्न वर्गों तक विधिक अधिकारों एवं सहायता संबंधी जानकारी पहुंचाई गई। कार्यक्रमों का उद्देश्य नागरिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, निःशुल्क विधिक सहायता सेवाओं की जानकारी देना तथा न्याय व्यवस्था के प्रति विश्वास को सुदृढ़ करना रहा। बाइक रैली के माध्यम से न्यायोत्सव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाते हुए विधिक जागरूकता को व्यापक स्वरूप दिया गया। आयोजन का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय, विधिक सहायता एवं कानूनी अधिकारों की जानकारी पहुंचाकर न्याय सुलभ बनाने के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।













