परसवार राजा में वनिता समाज ने ग्रामीण महिलाओं से किया संवाद, स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता पर दिया जोर
100 महिलाओं को मच्छरदानियां वितरित, प्राथमिक विद्यालय के बच्चों को दिया अल्पाहार

सिंगरौली। एनटीपीसी सिंगरौली के वनिता समाज ने महिला सशक्तीकरण और सामुदायिक कल्याण की दिशा में पहल करते हुए ग्राम परसवार राजा में ग्रामीण महिलाओं के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया। वनिता समाज की अध्यक्षा ई. निर्मला ने महिलाओं से उनकी समस्याओं, जरूरतों और आजीविका संबंधी चुनौतियों की जानकारी ली। इस दौरान 100 महिलाओं को मच्छरदानियां वितरित की गईं तथा प्राथमिक विद्यालय के बच्चों को अल्पाहार दिया गया।
संवाद के दौरान ग्रामीण महिलाओं ने ब्यूटीशियन, सिलाई-कढ़ाई और प्रौढ़ शिक्षा के प्रशिक्षण कार्यक्रम गांव में संचालित कराने की मांग रखी। ई. निर्मला ने कहा कि महिलाओं को शिक्षा, कौशल विकास और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराकर आत्मनिर्भर बनाना आवश्यक है। उन्होंने महिलाओं को सामूहिक रूप से आगे आने और प्रशिक्षण के माध्यम से अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि वनिता समाज महिलाओं की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप रोजगारोन्मुख गतिविधियों को प्रोत्साहित करने का प्रयास करेगा। आसपास के अन्य गांवों में भी इसी तरह संवाद और जनकल्याण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
ग्राम प्रधान अविनाश कुमार ने पहल की सराहना करते हुए महिलाओं के प्रशिक्षण कार्यक्रमों में ग्राम पंचायत की ओर से सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में वनिता समाज की वरिष्ठ सदस्याएं और एनटीपीसी के कार्यपालक (सीएसआर) कुमार आदर्श उपस्थित रहे। ग्रामीण महिलाओं ने अपनी समस्याएं और अपेक्षाएं साझा करते हुए वनिता समाज के प्रति आभार जताया।













