बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

कलेक्टर ने देवसर क्षेत्र में शिक्षा और स्वास्थ्य संस्थानों का किया निरीक्षण, निर्माण कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश

 

सिंगरौली। जन विश्वास अभियान के तहत देवसर में आयोजित शिविर के दौरान कलेक्टर अंकित अस्थाना ने क्षेत्र के चार प्रमुख शैक्षणिक एवं स्वास्थ्य संस्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं और निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर, निर्माणाधीन सिविल अस्पताल बरगवां, संदीपनी विद्यालय और एकलव्य आवासीय विद्यालय में सुविधाएं बेहतर बनाने तथा लंबित कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संघप्रिय भी उपस्थित रहे।

माता शबरी आवासीय कन्या शिक्षा परिसर में कलेक्टर ने कक्षाओं, छात्रावास और मेस का निरीक्षण किया। उन्होंने सुबह 8 से 10 बजे के बीच पूरे परिसर और छात्रावास की सफाई सुनिश्चित करने, भोजन बनाने व परोसने से पहले स्वच्छता बनाए रखने तथा पर्याप्त सफाई कर्मचारियों की व्यवस्था करने को कहा। छात्रावास के क्षतिग्रस्त खिड़की के कांच दुरुस्त कराने के निर्देश भी दिए। छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए शाम और सप्ताहांत में संगीत, खेलकूद व रचनात्मक गतिविधियां आयोजित करने तथा महीने में कम से कम एक बार अंतरिक्ष दर्शन सत्र कराने को कहा। इसमें आम नागरिक भी शामिल हो सकेंगे।

निर्माणाधीन सिविल अस्पताल बरगवां के निरीक्षण में कलेक्टर ने शेष निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समय पर पूरा कराने पर जोर दिया। उन्होंने अस्पताल शुरू होने से पहले पेयजल, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बरगवां के संदीपनी विद्यालय में बाउंड्रीवाल का निर्माण समय-सीमा में पूरा करने, पेयजल व्यवस्था करने और परिसर के आसपास से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए। पीआईयू अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने को कहा गया।

एकलव्य आवासीय विद्यालय में कलेक्टर ने विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने और कक्षा 10वीं व 12वीं के बोर्ड परीक्षार्थियों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। बिजली समस्या के समाधान के लिए शहरी फीडर से आपूर्ति और रेस्को मॉडल पर सोलर पैनल लगाने की संभावनाओं पर कार्यवाही करने को कहा। साथ ही कबड्डी, खो-खो और वॉलीबॉल कोर्ट विकसित करने तथा सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवाल की ऊंचाई बढ़ाने के निर्देश दिए।

Author

Related Articles

Back to top button