सिद्धिकला में दर्दनाक घटना: महिला समेत दो मासूम बच्चों की मौत, दहेज प्रताड़ना के आरोपों की जांच शुरू
जहरीला पदार्थ सेवन करने से मां और बच्चों की गई जान, मायके पक्ष ने लगाए गंभीर आरोप

सिंगरौली। जिले के बैढ़न थाना क्षेत्र अंतर्गत सिद्धिकला गांव में हुई एक दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। कथित रूप से दहेज प्रताड़ना और घरेलू विवाद से परेशान एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों के साथ जहरीला पदार्थ खा लिया। इस हृदयविदारक घटना में महिला सहित दोनों बच्चों की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है, वहीं मायके पक्ष द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के चलते मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सिद्धिकला निवासी 24 वर्षीय प्रमिला वैश्य (बैस), पति अरुण कुमार वैश्य, ने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया। आरोप है कि इस दौरान उनके दोनों बच्चे एक वर्षीय श्रवण कुमार वैश्य और दो वर्षीय तन्वी वैश्य भी इसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद परिजनों द्वारा तीनों को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल बैढ़न पहुंचाया गया।
अस्पताल में उपचार के दौरान सबसे पहले प्रमिला वैश्य की मौत हो गई। इसके बाद उनके एक वर्षीय पुत्र श्रवण कुमार वैश्य ने भी दम तोड़ दिया। वहीं गंभीर हालत में भर्ती दो वर्षीय तन्वी वैश्य का उपचार जारी था, लेकिन बाद में उसने भी जिंदगी की जंग हार दी। इस प्रकार इस दुखद घटना में मां और दोनों मासूम बच्चों की मौत हो गई।
मृतका प्रमिला की शादी वर्ष 2021 में हुई थी। घटना के बाद मायके पक्ष ने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना, मारपीट और मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि प्रमिला लंबे समय से प्रताड़ना झेल रही थी और इसी से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार पूरे मामले की जांच सीएसपी स्तर के अधिकारी द्वारा की जाएगी। तहसीलदार की मौजूदगी में वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई गई है। पुलिस ने मृतका के परिजनों सहित अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज करना शुरू कर दिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों और लगाए गए आरोपों की पुष्टि हो सकेगी। इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है तथा स्थानीय लोग दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।













