मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित
प्रभारी कलेक्टर श्री संघप्रिय ने अधिकारियों को सौंपे दायित्व, समय-सीमा में सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश

अटल सामुदायिक भवन बिलौंजी में होगा जिला स्तरीय समारोह, एक नवंबर की रात्रि में प्रमुख शासकीय भवनों को किया जाएगा रोशन
सिंगरौली, 29 अक्टूबर 2026। मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर 1 से 3 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के संबंध में शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिले में भी विभिन्न आयोजन किए जाएंगे। जिला मुख्यालय पर आयोजित होने वाले जिला स्तरीय समारोह की तैयारियों को लेकर प्रभारी कलेक्टर श्री संघप्रिय ने कलेक्ट्रेट सभागार में जिला अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने समारोह को गरिमामय एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए अधिकारियों को विभागवार दायित्व सौंपे तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय-सीमा में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिला स्तरीय स्थापना दिवस समारोह का आयोजन अटल सामुदायिक भवन, बिलौंजी में किया जाएगा। बैठक में कार्यक्रम स्थल की साज-सज्जा, ध्वजारोहण, राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान, बैठक व्यवस्था, पेयजल, माइक, मंच संचालन, निर्बाध विद्युत आपूर्ति और साफ-सफाई सहित विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। प्रभारी कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण कर ली जाएं, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने अतिथियों को आमंत्रित करने, सांस्कृतिक गतिविधियों के आयोजन, जिले की गौरव गाथाओं के प्रदर्शन तथा जिला उत्पादों एवं उत्कृष्ट कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही कार्यक्रम के दौरान कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध करने को कहा।
प्रभारी कलेक्टर ने जिला मुख्यालय स्थित प्रमुख शासकीय भवनों में 1 नवंबर की रात्रि को प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस समारोह में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। इसके लिए जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, उद्योगपतियों, व्यवसायियों, समाजसेवियों, धर्मगुरुओं, स्वयंसेवी संस्थाओं, हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों तथा महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया जाए। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, लोकतंत्र सेनानियों, शहीद सैनिकों के परिवारों तथा उत्कृष्ट उपलब्धियां अर्जित करने वाले स्व-सहायता समूहों और स्टार्टअप से जुड़े पदाधिकारियों को भी समारोह में आमंत्रित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाएं तथा सौंपे गए दायित्वों का समय पर निर्वहन सुनिश्चित करें। बैठक के दौरान अपर कलेक्टर पीएस त्रिपाठी, सीईओ जनपद पंचायत देवसर सौम्या मिश्रा, संयुक्त कलेक्टर प्रशांत त्रिपाठी, एसडी एम सिंगरोली सुरेश जाधव सहित जिलाधिकारी उपस्थित रहे।













