बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत सुलखानखुर्द में आयोजित शिविर में हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ

राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह की उपस्थिति में हितग्राहियों को वितरित किए गए स्वीकृति प्रमाण-पत्र एवं हितलाभ

सिंगरौली, 30 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत जनपद पंचायत चितरंगी की ग्राम पंचायत सुलखानखुर्द में आयोजित शिविर में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह, प्रभारी कलेक्टर श्री संघप्रिय की उपस्थिति में विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। इस अवसर पर राज्यमंत्री श्रीमती राधा सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने और जनता का विश्वास मजबूत करने का सशक्त माध्यम है। शासन की मंशा है कि कोई भी पात्र हितग्राही जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। इसके लिए अधिकारियों को संवेदनशीलता एवं तत्परता से कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि गरीब, महिला, बुजुर्ग एवं जरूरतमंद परिवारों का कल्याण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने ग्रामीणों से शासन की योजनाओं का लाभ लेने तथा अपने आसपास के पात्र व्यक्तियों को भी योजनाओं से जोड़ने की अपील की।

शिविर में संबल अनुग्रह सहायता योजना के तहत रामबहादुर बैगा एवं लीलावती को दो-दो लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की गई। वहीं वृद्धावस्था पेंशन योजना के अंतर्गत फूलमती, अमर सिंह, बलदेव, फुरमन देवी, शोभनाथ एवं बसंती सिंह को प्रतिमाह 600 रुपये पेंशन की स्वीकृति प्रदान की गई। प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना के तहत ओमपति देवी, रानी, पानकली एवं गुड़िया देवी को 60 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर प्रतिमाह 3,000 रुपये पेंशन का लाभ सुनिश्चित किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य एवं शिक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से लाड़ली कुमारी रूली सिंह एवं लाड़ली कुमारी शिल्पा सिंह को कुल 1 लाख 43 हजार रुपये के आश्वासन प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इसी प्रकार आयुष्मान भारत योजना के तहत कमला का आयुष्मान कार्ड जारी किया गया, जिसके माध्यम से उन्हें प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा प्राप्त हो सकेगी।

शिविर में स्वामित्व योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। इनमें हीरालाल पनिका, फूलवती देवी, लाले प्रसाद साहू, हरिशंकर साहू, रानी देवी, तुलवंती देवी, लछिसमन पाल, धुरिज देवई पाल, सिद्धनाथ, फूलकुमारी, अवधबरण, शिवधारी, रामगरीब पाल, गिने देवी, पानमति देवी, राम औतार एवं ललुआ शामिल हैं। शिविर में एसडीएम चितरंगी श्री देवेन्द्र द्विवेदी, जनपद पंचायत अध्यक्ष चितरंगी श्रीमती सिया दुलारी, जिला पंचायत के पूर्व उपाध्यक्ष डॉ. रवीन्द्र सिंह, श्री प्रवीन्द्र धर द्विवेदी, श्री लालपति, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मान सिंह सैयाम, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती कविता त्रिपाठी, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती रेखा पांचाल, उपायुक्त सहकारिता श्री पी.के. मिश्रा, अधीक्षण यंत्री विद्युत श्री अजीत सिंह बघेल सहित जिला एवं खंड स्तर के अधिकारी, ग्राम पंचायतों के सरपंच तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button