बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

एनटीपीसी सिंगरौली में सीआईआई–आईटीसी सस्टेनेबिलिटी अवॉर्ड्स 2026 का चार दिवसीय मूल्यांकन संपन्न

(संयंत्र, पर्यावरण एवं सीएसआर गतिविधियों का लिया जायजा; महिला एवं बालिका सशक्तीकरण, कौशल विकास, समावेशी आजीविका और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की पहलों से रूबरू हुई मूल्यांकन टीम)

सिंगरौली। एनटीपीसी सिंगरौली में सीआईआई–आईटीसी सस्टेनेबिलिटी अवॉर्ड्स 2026 के अंतर्गत कॉरपोरेट उत्कृष्टता श्रेणी का चार दिवसीय मूल्यांकन 26 से 29 अक्टूबर 2026 तक सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। मूल्यांकन के दौरान स्टेशन की सतत विकास संबंधी पहलों, पर्यावरण प्रबंधन, व्यावसायिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा, हितधारक सहभागिता,सुरक्षा, नैगम सामाजिक दायित्व (सीएसआर) गतिविधियों तथा प्रचालन उत्कृष्टता का विभागीय संवाद एवं स्थलीय निरीक्षण के माध्यम से विस्तृत आकलन किया गया। टीम ने कार्पोरेट सीएसआर के उच्च प्रबंधन से भी संवाद किया।

मूल्यांकन टीम में श्री विवेक कुमार सिंह, टीम लीडर; सुश्री मोनिका जैन एवं श्री बृजेश मिश्रा शामिल रहे। टीम ने चार दिवसीय प्रवास के दौरान विभिन्न विभागों एवं कार्यस्थलों का अवलोकन कर एनटीपीसी सिंगरौली द्वारा सतत एवं उत्तरदायी विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी प्राप्त की।

मूल्यांकन प्रक्रिया के महत्वपूर्ण हिस्से के रूप में टीम ने एनटीपीसी सिंगरौली की विभिन्न सीएसआर गतिविधियों का स्थलीय अवलोकन कर लाभार्थियों से प्रत्यक्ष संवाद किया। टीम ने सिलाई प्रशिक्षण कार्यक्रम की प्रतिभागी महिलाओं से प्रशिक्षण, कौशल विकास एवं स्वरोजगार से संबंधित अनुभवों की जानकारी ली। इसके साथ ही बालिका सशक्तीकरण अभियान (GEM) की पूर्व प्रतिभागी बालिकाओं से संवाद कर उनके व्यक्तित्व विकास, शिक्षा एवं आत्मविश्वास पर कार्यक्रम के प्रभाव को समझा।

टीम ने ग्रामीण क्वालिटी सर्किल, मशरूम उत्पादन, ब्यूटीशियन प्रशिक्षण तथा जेसीबी ऑपरेटर प्रशिक्षण से जुड़े लाभार्थियों से भी संवाद किया और इन पहलों से प्राप्त प्रशिक्षण, रोजगार एवं आजीविका संबंधी अवसरों की जानकारी ली। लाभार्थियों से हुए इस प्रत्यक्ष संवाद के माध्यम से टीम ने महिला एवं युवा सशक्तीकरण, कौशल विकास, आजीविका संवर्धन और समावेशी विकास से जुड़ी सीएसआर पहलों के जमीनी प्रभाव का आकलन किया।

गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों के अवलोकन के क्रम में 29 अक्टूबर 2026 को कर्मचारी विकास केंद्र में गणित मेले का आयोजन किया गया, जिसमें कंपोजिट विद्यालय, तारापुर एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय, कहरौल के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यार्थियों ने गणितीय अवधारणाओं पर आधारित विभिन्न गतिविधियों एवं प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी रचनात्मकता, तार्किक समझ और व्यावहारिक ज्ञान का प्रदर्शन किया।

उल्लेखनीय है कि एनटीपीसी सिंगरौली के सहयोग से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गैर-सरकारी संस्था ‘प्रथम’ द्वारा 22 विद्यालयों में GEM 2.0 के अंतर्गत ‘हमारी दुनिया’ कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसके माध्यम से कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए विज्ञान, गणित एवं बुनियादी शिक्षा की नियमित कक्षाएं आयोजित की जा रही हैं, ताकि विद्यार्थियों की विषयगत समझ एवं सीखने की क्षमता को सुदृढ़ किया जा सके। गणित मेले ने इस शैक्षणिक पहल से जुड़े विद्यार्थियों को अपनी सीख, प्रतिभा और नवाचारी सोच को प्रदर्शित करने का प्रभावी मंच प्रदान किया।

चार दिवसीय मूल्यांकन प्रक्रिया का समापन प्रशासनिक भवन में आयोजित समापन बैठक के साथ हुआ। बैठक में श्री अगम प्रकाश तिवारी, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण), अन्य महाप्रबंधकगण, सभी विभागाध्यक्ष तथा कॉरपोरेट सीएसआर के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। मूल्यांकन टीम ने इस अवसर पर अपने प्रमुख अवलोकन साझा किए तथा निरंतर सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण सुझाव एवं अनुशंसाएं प्रस्तुत कीं।

इस अवसर पर श्री अगम प्रकाश तिवारी, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण) ने मूल्यांकन टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सतत विकास एवं उत्कृष्टता एनटीपीसी सिंगरौली की कार्यसंस्कृति के महत्वपूर्ण आधार हैं। उन्होंने मूल्यांकन प्रक्रिया को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में विभिन्न विभागों के सामूहिक प्रयास एवं सक्रिय सहभागिता की सराहना की।

चार दिवसीय मूल्यांकन प्रक्रिया का समन्वय श्री वामसी मोहन, अपर महाप्रबंधक (संविदा एवं सामग्री एवं पर्यावरण प्रबंधन) तथा श्री अभय प्रताप सिंह, उप महाप्रबंधक (पर्यावरण प्रबंधन) द्वारा किया गया।

Author

Related Articles

Back to top button