बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त से सिंगरौली के 99 प्रतिशत किसान लाभान्वित

जिले के 1 लाख 40 हजार 987 किसानों के खातों में अंतरित हुई सम्मान निधि की राशि

कृषि विज्ञान केन्द्र देवरा में आयोजित हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम, प्रधानमंत्री के उद्बोधन का किया गया लाइव प्रसारण

सिंगरौली-प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त से सिंगरौली के 99 प्रतिशत किसान लाभान्वित, 30 अक्टूबर 2026। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा गुजरात के बनासकांठा से योजना की 24वीं किस्त का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर देशभर के 9.34 करोड़ से अधिक पात्र किसानों के बैंक खातों में 18 हजार 680 करोड़ रुपये से अधिक की राशि का प्रत्यक्ष अंतरण किया गया। योजना के माध्यम से सिंगरौली जिले के 99 प्रतिशत पंजीकृत किसानों को भी आर्थिक सहायता का लाभ प्राप्त हुआ है।

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के अंतर्गत सिंगरौली जिले में कुल 1 लाख 42 हजार 919 किसान पंजीकृत हैं। इनमें से 1 लाख 40 हजार 987 किसानों के बैंक खातों में 24वीं किस्त की राशि सफलतापूर्वक अंतरित की गई है। इस प्रकार जिले के लगभग 99 प्रतिशत पंजीकृत किसान योजना से लाभान्वित हुए हैं। बड़ी संख्या में किसानों तक सीधे बैंक खातों में राशि पहुंचना योजना के प्रभावी क्रियान्वयन एवं प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) व्यवस्था को दर्शाता है।

 

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को प्रतिवर्ष 6 हजार रुपये की आर्थिक सहायता तीन समान किस्तों में प्रदान की जाती है। यह राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में अंतरित की जाती है। इससे किसानों को खेती-किसानी से जुड़ी आवश्यकताओं, जैसे खाद, बीज एवं अन्य कृषि आदानों की व्यवस्था करने में आर्थिक सहयोग मिलता है। विशेष रूप से छोटे एवं सीमांत किसानों के लिए यह सहायता कृषि कार्यों के संचालन में उपयोगी साबित हो रही है। सिंगरौली जिले में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन कृषि विज्ञान केन्द्र देवरा में किया गया। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के उद्बोधन का लाइव प्रसारण किया गया, जिसे उपस्थित किसानों एवं अधिकारियों ने देखा और सुना। इस अवसर पर एसएलआर श्री मान सिंह आर्मो, उप संचालक कृषि श्री मनोज सिंह, वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक डॉ. जय सिंह, श्री अखिलेश सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button