जिला स्तरीय युवा उत्सव में विधायक रामनिवास शाह ने बढ़ाया विद्यार्थियों का उत्साह
बैढ़न के राजनारायण स्मृति महाविद्यालय में हुआ आयोजन, छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रस्तुतियों से दिखाई प्रतिभा

सिंगरौली। शासकीय राजनारायण स्मृति अग्रणी स्नातकोत्तर महाविद्यालय बैढ़न में आयोजित जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026 में सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं की विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रस्तुतियों का अवलोकन किया और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
विधायक रामनिवास शाह ने कहा कि युवा उत्सव विद्यार्थियों को अपनी कला, प्रतिभा और रचनात्मक क्षमता प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करते हैं। ऐसे आयोजनों से युवाओं में आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है। साथ ही नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर मिलता है।

उन्होंने कहा कि युवा शक्ति सशक्त समाज और विकसित भारत की आधारशिला है। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए।
कार्यक्रम में नगर निगम अध्यक्ष देवेश पांडेय, पार्षद रामनरेश शाह, प्रोफेसर विभा पठानिया, चंद्रप्रभा वर्मा सहित महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। विधायक ने सभी प्रतिभागियों की प्रतिभा और उत्साह की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।













