भूटान में ग्लेशियल झील फटी, भारत के कई राज्यों में बाढ़ का खतरा; असम और बंगाल में हाई अलर्ट
संकोश नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने की आशंका, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तैनात; नदी किनारे बसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील

भूटान। पड़ोसी देश भूटान में ग्लेशियल झील (हिमनद झील) फटने की घटना के बाद भारत के पूर्वोत्तर राज्यों में बाढ़ का खतरा पैदा हो गया है। भूटान के गासा जिले में स्थित शिनताफू झील फटने से भारी मात्रा में पानी संकोश नदी की ओर बढ़ रहा है। संभावित खतरे को देखते हुए केंद्र सरकार ने पश्चिम बंगाल और असम के निचले इलाकों के लिए चेतावनी जारी की है। असम के धुबरी तथा पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग, अलीपुरद्वार, जलपाईगुड़ी और कूचबिहार जिलों में प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम भूटान के गासा जिले में लुनगो स्थित वकीला पर्वत के नीचे बनी शिनताफू झील अचानक फट गई। इसके बाद नदी किनारे रहने वाले लोगों को सायरन बजाकर सतर्क किया गया और सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। बताया गया है कि यह झील भूटान की संभावित खतरनाक 17 हिमनद झीलों में शामिल है।
यह झील पुनात्सांगछु नदी बेसिन में स्थित है, जो भारत में प्रवेश करने के बाद संकोश नदी कहलाती है। भारतीय एजेंसियों की चेतावनी के अनुसार, झील से निकला पानी 6 से 8 घंटे के भीतर भारत-भूटान सीमा तक पहुंच सकता है। इससे नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने और निचले इलाकों में बाढ़ आने की आशंका है।













