केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की मां काशीबाई का निधन, भोपाल एम्स में ली अंतिम सांस
76 वर्ष की थीं काशीबाई, लंबे समय से चल रहा था इलाज; गृह ग्राम जैत में आज दोपहर 3 बजे होगा अंतिम संस्कार

भोपाल। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माता श्रीमती काशीबाई चौहान का शुक्रवार सुबह भोपाल स्थित एम्स में उपचार के दौरान निधन हो गया। वे 76 वर्ष की थीं और पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रही थीं। सांस संबंधी परेशानी के बाद उन्हें एम्स में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी हालत गंभीर होने पर वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था।
परिजनों के अनुसार, काशीबाई का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए भोपाल के साकेत नगर स्थित निवास 9बी में सुबह 11 से दोपहर 12 बजे तक रखा गया। इसके बाद अंतिम यात्रा उनके गृह ग्राम जैत, जिला सीहोर के लिए रवाना होगी। उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार दोपहर 3 बजे ग्राम जैत में किया जाएगा।
मां के निधन पर भावुक हुए शिवराज सिंह
माता के निधन पर शिवराज सिंह चौहान ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा कि आज उनके पूरे परिवार के लिए अत्यंत दुख और पीड़ा का दिन है। पूज्य माताजी उन्हें छोड़कर अनंत यात्रा पर चली गई हैं। उन्होंने कहा कि मां का जाना जीवन में ऐसी रिक्तता छोड़ जाता है, जिसे कोई भर नहीं सकता। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत माता को अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना की।
सभी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम किए निरस्त
मां के निधन के बाद शिवराज सिंह चौहान ने अपने सभी पूर्व निर्धारित कार्यक्रम निरस्त कर दिए हैं। शुक्रवार को रायसेन में आयोजित किसान सम्मेलन में भी उन्हें शामिल होना था। काशीबाई के निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र में शोक की लहर है।













