पचमढ़ी में बायसन के हमले से सेना के 26 वर्षीय जवान की मौत, फुटबॉल खेलते समय झाड़ियों से निकला जंगली भैंसा
आर्मी एजुकेशन सेंटर के मैदान में सैनिकों पर किया हमला, पेट में सींग लगने से जवान गंभीर रूप से घायल; अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम

नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पचमढ़ी में बायसन (जंगली भैंसे) के हमले में सेना के 26 वर्षीय जवान की दर्दनाक मौत हो गई। घटना गुरुवार शाम आर्मी एजुकेशन सेंटर के खेल मैदान में हुई, जहां सैनिक फुटबॉल खेल रहे थे। इसी दौरान अचानक झाड़ियों से निकले बायसन ने सैनिकों पर हमला कर दिया। हमले में उत्तराखंड निवासी जवान आकाश चौहान गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल मिलिट्री अस्पताल ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, जवान आकाश चौहान आर्मी एजुकेशन सेंटर में प्रशिक्षण ले रहे थे और 17वीं कमांड रेजिमेंट में पदस्थ थे। फुटबॉल खेलते समय बायसन ने पीछे से उन पर हमला किया और पेट में सींग मार दिए। इससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के पचमढ़ी सहायक संचालक संजीव शर्मा ने सेना से मिली जानकारी के आधार पर जवान की मौत की पुष्टि की है। थाना प्रभारी गोपाल घासले ने भी घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि जवान देहरादून के पास के निवासी थे।
पचमढ़ी में बढ़ रही जंगली जानवरों की आवाजाही
बताया गया है कि आर्मी परिसर जंगल से लगा हुआ है। यहां अक्सर बायसन के झुंड जंगल से निकलकर परिसर में पहुंच जाते हैं। पिछले कुछ दिनों से पचमढ़ी के रिहायशी इलाकों में भी बायसन की आवाजाही बढ़ी है। एक दिन पहले शहीद द्वार स्थित छोटी पुलिया पर बायसन का झुंड पहुंचने से कई घंटे तक आवागमन प्रभावित रहा था।
इस घटना के बाद सैन्य परिसर और रिहायशी क्षेत्रों में वन्यजीवों की आवाजाही तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। वन विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है।













