करवा चौथ की रात ट्रक ने बाइक सवार 3 मजदूरों को कुचला, दो सगे भाइयों समेत तीन की मौत
मजदूरी कर घर लौट रहे थे तीनों, नेशनल हाईवे-44 पर हुआ भीषण हादसा; टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक फरार

मुरैना। करवा चौथ की रात मुरैना में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने 3 परिवारों की खुशियां छीन लीं। दिनभर मजदूरी करने के बाद बाइक से घर लौट रहे 3 मजदूरों को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दो सगे भाइयों समेत तीनों की मौत हो गई। घटना के बाद परिवारों में मातम छा गया।
हादसा गुरुवार रात सिविल लाइन थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे-44 पर घरौंना मंदिर के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, हिंगोना कला गांव निवासी कल्लू माहौर (31), गोपी माहौर (18) और प्रकाश माहौर (50) मजदूरी की तलाश में मुरैना आए थे। दिनभर काम करने के बाद तीनों बाइक से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कल्लू और गोपी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल प्रकाश ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
दो सगे भाइयों की मौत से गांव में मातम
हादसे में जान गंवाने वाले कल्लू और गोपी सगे भाई थे। तीनों मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। करवा चौथ की रात परिजनों को उनके घर लौटने का इंतजार था, लेकिन हादसे की खबर ने परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया।
ट्रक चालक की तलाश में जुटी पुलिस
दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची सिविल लाइन थाना पुलिस ने तीनों को अस्पताल पहुंचाया। थाना प्रभारी उदयभान सिंह यादव के अनुसार, अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। शुक्रवार को तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।













