बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेश

एपी एक्सप्रेस से 53 किलो चांदी गायब, कीमत 85 लाख रुपये; जीआरपी जांच में जुटी

युवक ने सामान्य कोच से चांदी से भरा बैग चोरी होने की दी शिकायत, ग्वालियर से बीना तक खंगाले जा रहे सीसीटीवी फुटेज

ग्वालियर। एपी एक्सप्रेस में आगरा से नागपुर ले जाई जा रही 53 किलो चांदी गायब होने का मामला सामने आया है। चांदी की कीमत करीब 85 लाख रुपये बताई जा रही है। मुरैना जिले के अंबाह निवासी एक युवक ने ट्रेन के सामान्य कोच से चांदी से भरा बैग चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई है। मामले में जीआरपी ने जांच शुरू कर दी है। हालांकि, पुलिस को शिकायतकर्ता के दावों पर संदेह है और वह पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।

जानकारी के अनुसार, युवक 17 अक्टूबर को एपी एक्सप्रेस से आगरा से नागपुर जा रहा था। उसके मुताबिक, बैग में 53 किलो चांदी रखी हुई थी। यात्रा के दौरान उसे नींद आ गई। जब उसकी आंख खुली तो चांदी से भरा बैग गायब था। युवक ने बीना और मंडीबामौरा रेलवे स्टेशनों के बीच बैग चोरी होने की आशंका जताई है। घटना की जानकारी उसने भोपाल पहुंचने के बाद दी, जिसके बाद मामला बीना जीआरपी तक पहुंचा। युवक ग्वालियर जीआरपी थाने भी पहुंचा, जहां उससे पूछताछ की गई।

इस मामले के 2 दिन बाद 19 अक्टूबर को झांसी में आरपीएफ की अपराध शाखा और जीआरपी ने संयुक्त कार्रवाई कर इसी ट्रेन से 133 किलो चांदी के आभूषण बरामद किए थे। 4 बोरों में रखे इन आभूषणों की कीमत करीब ढाई करोड़ रुपये बताई गई थी। आभूषण आगरा की आरके आभूषण फर्म के बताए गए थे और उन्हें नागपुर ले जाया जा रहा था। हालांकि, दोनों घटनाओं के बीच किसी संबंध की पुष्टि नहीं हुई है।

जीआरपी अब ग्वालियर से बीना और मंडीबामौरा तक के रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में चांदी लेकर युवक सामान्य कोच में यात्रा क्यों कर रहा था और बैग गायब होने की वास्तविक परिस्थितियां क्या थीं। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी।

Author

Related Articles

Back to top button