बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

सिंगरौली में नशीली दवाओं के अवैध कारोबार का खुलासा

1,318 शीशी कफ सिरप और 52,560 गोलियां-कैप्सूल जब्त, 2 गिरफ्तार

सिंगरौली। जिले में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बरगवां पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1,318 शीशी कोडीनयुक्त कफ सिरप और 52,560 नशीली गोलियां व कैप्सूल जब्त किए हैं। पुलिस ने मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान एक बोलेरो और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।

पुलिस अधीक्षक शियाज के.एम. ने गुरुवार शाम पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर 15 दिवसीय राज्य स्तरीय विशेष एंटी नारकोटिक्स अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत के निर्देशन और डीआईजी रीवा हेमंत चौहान के मार्गदर्शन में जिले में नशीली दवाओं के अवैध भंडारण, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, बरगवां थाना क्षेत्र में कोडीनयुक्त कफ सिरप और नशीली दवाओं के अवैध कारोबार की सूचना मिली थी। इसके आधार पर पुलिस टीम ने कसर स्थित स्टार मेडिकल स्टोर के सामने घेराबंदी कर सुकसेन बैस (22), निवासी ग्राम सेमुआर को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसकी मोटरसाइकिल पर रखी 2 पेटियों से 238 शीशी एपीकोर्स कोडीनयुक्त कफ सिरप बरामद हुआ। इसकी अनुमानित कीमत 45,458 रुपये बताई गई है। पुलिस ने परिवहन में इस्तेमाल की जा रही हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली।

पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने स्टार मेडिकल स्टोर के संचालक नीतीश कुमार बैस (25), निवासी ग्राम सेमुआर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इसके बाद ग्राम सेमुआर स्थित ईंट प्लांट के सीमेंट गोदाम में छापा मारा गया। पुलिस के अनुसार, गोदाम से 1,080 शीशी कोडीनयुक्त कफ सिरप के साथ भारी मात्रा में नशीली दवाएं बरामद की गईं। मौके से एक सफेद रंग की बोलेरो भी जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 8 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे और बताए गए ठिकानों से कुल 1,318 शीशी यानी 131.8 लीटर कोडीनयुक्त कफ सिरप, 10,080 डिपाट्राम प्लस कैप्सूल, 17,280 पायवोन स्पास-टी कैप्सूल और 25,200 अल्जोमैक-0.5 टैबलेट जब्त की हैं। इस तरह कुल 52,560 गोलियां और कैप्सूल बरामद किए गए हैं।

एसपी शियाज के.एम. ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब इस अवैध कारोबार से जुड़े सप्लाई नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। नशीली दवाओं की आपूर्ति करने वाले अन्य लोगों की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कार्यवाही में निरीक्षक अनिल कुमार पटेल (थाना प्रभारी बरगवां), निरीक्षक पवन कुमार सिंह (चौकी प्रभारी जयंत), सूबेदार आशीष तिवारी, उप निरीक्षक संदीप नामदेव, उप निरीक्षक अमन वर्मा, सहायक उप निरीक्षक अरुण पटेल, सहायक उप निरीक्षक रामचरण सतनामी, सहायक उप निरीक्षक रवि गोस्वामी, सहायक उप निरीक्षक जीवेंद्र मिश्रा, प्रधान आरक्षक आशीष बागरी, प्रधान आरक्षक फूल सिंह, आरक्षक चंद्रकेश यादव, आरक्षक अमृत सिंह, आरक्षक अजय, आरक्षक सुरेन्द्र, आरक्षक अरविन्द यादव, आरक्षक महेश पटेल, आरक्षक संदीप वर्मा, आरक्षक अरुणेंद्र मिश्रा, महिला आरक्षक चंचल भिडे, प्रधान आरक्षक प्रशांत विश्वकर्मा (साइबर सेल), आरक्षक प्रशांत केशरी (साइबर सेल) की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Author

Related Articles

Back to top button