कलेक्टर की अध्यक्षता में मलेरिया एवं डेंगू नियंत्रण हेतु जिला टास्क फोर्स की बैठक संपन्न

सिंगरौली,/जिले में वाहक जनित रोगों मलेरिया एवं डेंगू के प्रभावी नियंत्रण और उन्मूलन के लिए कलेक्टर श्री गौरव बैनल की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स एवं अंतरविभागीय समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिला मलेरिया अधिकारी श्री नागेन्द्र सिंह ने पावर पॉइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से जिले में वाहक जनित रोगों की वर्तमान स्थिति की जानकारी दी और विभिन्न विभागों के साथ आपसी समन्वय और सहयोग के दायित्वों को रेखांकित किया।
कलेक्टर श्री गौरव बेनल ने बैठक के दौरान नगर पालिक निगम सिंगरौली को सख्त निर्देश दिए कि वे शहर की सभी नालियों की साफ-सफाई का कार्य शीघ्र पूर्ण करें, ताकि जल-जमाव के कारण मच्छर जनित परिस्थितियां निर्मित न हों। इसके साथ ही उन्होंने शिक्षा विभाग को निर्देश दिए कि प्रार्थना सभाओं में विद्यार्थियों को मलेरिया व डेंगू के लक्षण, उपचार और बचाव की जानकारी दी जाए। आदिम जाति कल्याण विभाग को भी निर्देशित किया गया है कि वे अपने छात्रावासों और दूरस्थ वन ग्रामों में मलेरिया से बचाव के लिए सघन प्रचार-प्रसार अभियान चलाएं। स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से सभी विभागों को एकजुट होकर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि जिला स्तर पर इस अभियान को पूरी सफलता मिल सके।
बैठक में जिला मलेरिया अधिकारी ने बताया कि भारत सरकार द्वारा वर्ष 2030 तक देश को पूरी तरह से मलेरिया मुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है। राहत की बात यह है कि सिंगरौली जिले में विगत वर्षों में मलेरिया के मामलों में काफी कमी आई है, और जो मामले सामने आए हैं उनमें से अधिकांश बाहरी (माइग्रेटरी) हैं। जिले के दूरस्थ और पहुंचविहीन 10 गांवों में मलेरिया नियंत्रण के लिए आगामी जून एवं अक्टूबर माह में दो चरणों में ‘मास सर्विलांस कैंप’ आयोजित किए जाएंगे, जिससे स्थानीय जनमानस को अधिकतम लाभ मिल सके। इस महत्वपूर्ण बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री अरविंद डामोर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पराज सिंह ठाकुर सहित शिक्षा, महिला एवं बाल विकास और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी व विकासखंडों के बीएमओ उपस्थित रहे।













