सिवनी में मवेशियों से भरा ट्रक जब्त, चालक समेत आरोपी फरार

सिवनी। कोतवाली पुलिस ने सोमवार देर रात छिंदवाड़ा रोड स्थित नेशनल हाईवे बायपास ब्रिज पर कार्रवाई करते हुए मवेशियों से भरे एक ट्रक को जब्त किया। पुलिस की घेराबंदी की भनक लगते ही ट्रक में सवार चालक एवं अन्य आरोपी वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक ट्रक में बड़ी संख्या में मवेशियों को अमानवीय तरीके से भरकर महाराष्ट्र की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने हाईवे पर घेराबंदी कर ट्रक क्रमांक एमएच-29-बीई-6477 को रोका। तलाशी के दौरान ट्रक में 22 मवेशी और 8 नाटे ठूंस-ठूंसकर भरे हुए मिले।
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मवेशियों को नरसिंहपुर जिले के तेंदुखेड़ा क्षेत्र से लोड कर नागपुर ले जाया जा रहा था। पुलिस के अनुसार परिवहन के दौरान पशु क्रूरता निवारण अधिनियम एवं परिवहन संबंधी नियमों का उल्लंघन किया गया था।
कार्रवाई के बाद जब्त किए गए सभी मवेशियों का पशु चिकित्सकों से स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। इसके उपरांत उन्हें सुरक्षित रूप से बींझावाड़ा क्षेत्र स्थित दयोदय गौशाला भेजा गया, जहां उनकी देखभाल की व्यवस्था की गई है।
कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। ट्रक मालिक, चालक तथा अन्य संलिप्त व्यक्तियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिले में अवैध मवेशी तस्करी पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सतीश तिवारी, एसआई राजेश शर्मा, एएसआई देवेंद्र जायसवाल सहित कोतवाली पुलिस एवं साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।













