बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

स्कूली बच्चों की फीस में 37 लाख रुपये के गबन का आरोप, मजदूर संघ पदाधिकारी बर्खास्त

 

भोपाल/जबलपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल में रेलवे समाज कल्याण केंद्र से जुड़े एक बड़े वित्तीय अनियमितता मामले का खुलासा हुआ है। आरोप है कि समाज कल्याण केंद्र के सचिव रहे नितिन परमार ने स्कूल के विद्यार्थियों की फीस के 37 लाख रुपये से अधिक की राशि का गबन किया। मामला सामने आने के बाद पश्चिम मध्य रेलवे मजदूर संघ ने उन्हें सभी पदों से हटाते हुए प्राथमिक सदस्यता से भी निष्कासित कर दिया है।

जानकारी के अनुसार समाज कल्याण केंद्र द्वारा संचालित स्कूल के शिक्षकों और कर्मचारियों को कई महीनों से वेतन नहीं मिल रहा था। शिकायतों के बाद हुई जांच में सामने आया कि विद्यार्थियों से प्राप्त फीस की राशि संस्था के खाते में जमा करने के बजाय नकद रूप से निकाल ली गई। आरोप है कि वर्ष 2024-25 और 2025-26 के दौरान करीब 37 लाख रुपये की फीस राशि का उचित लेखा-जोखा नहीं रखा गया।

इतना ही नहीं, स्कूल परिसर में खड़ी एक बस को भी कथित रूप से बिना कार्यकारिणी की अनुमति के कम कीमत पर बेच दिया गया और उसकी राशि का भी कोई हिसाब प्रस्तुत नहीं किया गया।

मामला उजागर होने के बाद समाज कल्याण केंद्र की कार्यकारिणी ने आपात बैठक बुलाकर रेल प्रशासन से शिकायत की है। वहीं भोपाल मंडल के वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी विजय सिंह ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इसके अलावा जबलपुर स्थित पश्चिम मध्य रेलवे मुख्यालय के विजिलेंस विभाग को भी शिकायत भेजी गई है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Author

Related Articles

Back to top button