एमटी सेट्टेबेलो हादसे में तीन भारतीय नाविकों की मौत की पुष्टि, शव जल्द लाने के निर्देश

नई दिल्ली। केंद्रीय बंदरगाह, नौवहन एवं जलमार्ग मंत्री Sarbananda Sonowal ने एमटी सेट्टेबेलो तेल टैंकर हादसे में लापता बताए जा रहे तीन भारतीय नाविकों की मौत की पुष्टि की है। सोशल मीडिया मंच एक्स पर शोक व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि प्रारंभिक तौर पर लापता बताए गए तीन भारतीय नाविकों के शव बरामद होने और उनकी पहचान होने के बाद उनकी मृत्यु की पुष्टि हो गई है।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बचाए गए भारतीय नाविकों को शीघ्र भारत वापस लाया जाए। साथ ही मृत नाविकों के पार्थिव शरीर भी जल्द से जल्द उनके परिजनों तक पहुंचाए जाएं, ताकि अंतिम संस्कार की प्रक्रिया संपन्न हो सके।
उल्लेखनीय है कि मंगलवार को MT Settebello पर हुई घटना में चालक दल के 24 सदस्यों में से 21 को सुरक्षित बचा लिया गया था, जबकि तीन नाविक लापता हो गए थे। घटना के बाद भारत ने इस मामले पर कड़ा विरोध दर्ज कराया।
विदेश मंत्रालय ने बताया कि नई दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास के उप प्रमुख Jason Meeks को तलब कर भारत की ओर से औपचारिक आपत्ति दर्ज कराई गई। वहीं United States Central Command (सेंटकॉम) ने दावा किया था कि ओमान की खाड़ी से गुजर रहे जहाज पर कार्रवाई की गई थी। हालांकि बाद में जहाज से इंजन रूम में आग लगने और आपात सहायता की मांग की सूचना भी सामने आई। घटना के बाद Royal Navy of Oman ने बचाव अभियान चलाकर अधिकांश नाविकों को सुरक्षित निकाला।













