क्राइम न्यूज़देश विदेशबड़ी खबर

ओमान की खाड़ी में एक और जहाज को नुकसान, भारतीय दूतावास ने शुरू की निगरानी

 

नई दिल्ली/मस्कट। ओमान की खाड़ी में समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंताएं एक बार फिर बढ़ गई हैं। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के निकट गुरुवार को एक अन्य जहाज के क्षतिग्रस्त होने की सूचना सामने आई है। ओमान स्थित भारतीय दूतावास ने कहा है कि वह पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है और स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है।

दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी बयान में कहा कि ओमान के शिनास बंदरगाह के निकट एक पोत से जुड़ी घटना की जानकारी मिली है। स्थिति की निगरानी की जा रही है तथा अधिक जानकारी जुटाने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय किया जा रहा है।

इस बीच भारतीय फॉरवर्ड सीमेन यूनियन ने जहाज से उठते धुएं की तस्वीरें साझा करते हुए दावा किया कि प्रभावित पोत एमटी जलवीर है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार घटना स्थल ओमान की खाड़ी में शिनास तट से कुछ दूरी पर स्थित है, जो ओमान और संयुक्त अरब अमीरात के महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों के करीब पड़ता है।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही MT Settebello नामक जहाज से जुड़ी घटना में 24 में से 21 नाविकों को बचा लिया गया था, जबकि तीन भारतीय नाविकों की मौत हो गई थी। उस मामले को लेकर भारत ने कड़ा विरोध दर्ज कराया था।

लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बीच मध्य पूर्व क्षेत्र में बढ़ते तनाव और अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं और गहरा गई हैं। फिलहाल संबंधित एजेंसियां घटना के कारणों और जहाज को हुए नुकसान का पता लगाने में जुटी हैं।

Author

Related Articles

Back to top button