जमीन विवाद में महिला से मारपीट, ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास करने का आरोप
पीड़ित पक्ष की शिकायत पर मामला दर्ज, पुलिस जांच में जुटी

सिंगरौली। जिले के माड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत रंपा में जमीन के पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। घटना गुरुवार दोपहर की बताई जा रही है, जहां एक महिला के साथ लाठी-डंडों से मारपीट किए जाने तथा उसकी जमीन पर जबरन कब्जा करने का आरोप लगाया गया है।
पीड़िता अनीता देवी ने आरोप लगाया है कि जमीन विवाद को लेकर शिवेंद्र कुमार शाह, देवेंद्र कुमार शाह, राघवेंद्र शाह, आरती शाह, राजाराम शाह सहित छह से अधिक लोग लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे और उनके साथ मारपीट की। महिला का कहना है कि आरोपित ट्रैक्टर लेकर आए थे और विरोध करने पर उनके ऊपर ट्रैक्टर चढ़ाने का प्रयास किया गया। इसके बाद आरोपितों ने धमकी देते हुए करीब एक एकड़ से अधिक कृषि भूमि को ट्रैक्टर से जोत दिया।
घटना के बाद पीड़ित परिवार ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए प्रशासन से आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों के बीच घटना को लेकर काफी चर्चा है और इसका वीडियो भी सामने आने की बात कही जा रही है।मामले में माड़ा थाना प्रभारी शिवपूजन मिश्रा ने बताया कि महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है तथा पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और भूमि विवाद से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। मामले की जांच जारी है।













