नेपाल में भीषण सड़क हादसा: बीपी हाईवे के पास 300 मीटर गहरी खाई में गिरी बस, 8 की मौत, 16 घायल

काठमांडू: पड़ोसी देश नेपाल के सेंट्रल कावरेपालनचोक जिले में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहाँ के बुच्चाकोट इलाके में बीपी हाईवे के पास यात्रियों से भरी एक तेज रफ्तार पैसेंजर बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में कम से कम आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 16 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
कावरेपालनचोक के जिला प्रमुख गोपाल कुमार अधिकारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बस बनेपा से सुंगुरे की ओर जा रही थी, तभी नमोबुद्धा म्युनिसिपैलिटी के बुच्चाकोट में यह हादसा हुआ। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय नागरिकों की मदद से पुलिस प्रशासन ने युद्धस्तर पर राहत और बचाव अभियान शुरू किया।
5 घायलों की हालत नाजुक:
मलबे से निकाले गए सभी 16 घायल यात्रियों को तुरंत जिले के धुलीखेल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से पांच की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, हादसे के सटीक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच जारी है।
नेपाल में लगातार बढ़ रहे हैं सड़क हादसे
आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, नेपाल में पिछले कुछ वर्षों में वाहनों की संख्या बढ़ने के साथ ही सड़क हादसों में भारी बढ़ोतरी देखी गई है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में ही देश में कुल 7,669 सड़क हादसे दर्ज किए गए, जिनमें 1,900 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी। वर्ल्ड बैंक के एक अध्ययन के अनुसार, इन हादसों के कारण होने वाला आर्थिक नुकसान अब नेपाल के सकल राष्ट्रीय उत्पाद (GNP) का 1.5 फीसदी तक पहुंच गया है।













