बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

जबलपुर में सनसनी: मामूली विवाद में नाबालिग ने चाकू से रेता पड़ोस के किशोर का गला, हालत गंभीर

जबलपुर।मध्य प्रदेश के जबलपुर के रांझी थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहाँ गंगा मैया इलाके में आपसी रंजिश के चलते एक 16 वर्षीय किशोर ने पड़ोस में ही रहने वाले दूसरे नाबालिग पर चाकू से जानलेवा हमला कर उसका गला रेत दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने एक साथी के साथ मौके से फरार हो गया।

क्रिकेट खेलकर लौट रहे किशोर पर रास्ते में हमला
जानकारी के अनुसार, घायल किशोर जानसन पिल्ले शनिवार रात अपने दोस्तों के साथ क्रिकेट खेलकर घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसका सामना अनुज नामक किशोर से हो गया। दोनों के बीच पिछले एक सप्ताह से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था और बोलचाल बंद थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रास्ते में दोनों के बीच फिर से कहासुनी हुई। इसी बीच गुस्से में आकर अनुज ने अचानक धारदार चाकू निकाला और जानसन के गले व पीठ पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल जानसन लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा।

निजी अस्पताल में इलाज जारी, पुलिस जांच में जुटी
चीख-पुकार सुनकर दौड़े पड़ोसियों ने घटना की जानकारी घायल के परिजनों को दी और उसे तुरंत रांझी अस्पताल पहुंचाया। जानसन की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे शहर के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है। स्थानीय लोगों के अनुसार, वारदात के वक्त आरोपी अनुज के साथ आदित्य नाम का एक अन्य किशोर भी मौजूद था।

रांझी थाना पुलिस ने पीड़ित के परिजनों की शिकायत पर नाबालिग आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमले की प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है। पुलिस आरोपी और उसके साथी की सरगर्मी से तलाश कर रही है। इसके साथ ही पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि नाबालिग आरोपी के पास यह घातक हथियार कहाँ से आया।

Author

Related Articles

Back to top button