भाजपा नेता संदीप चौबे की धर्मपत्नी संध्या चौबे का निधन, जनप्रतिनिधियों ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि

सिंगरौली। भारतीय जनता पार्टी के बैढ़न मंडल के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ भाजपा नेता संदीप चौबे की धर्मपत्नी स्वर्गीय श्रीमती संध्या चौबे का लंबी बीमारी के बाद उपचार के दौरान शनिवार को नई दिल्ली स्थित एम्स अस्पताल में निधन हो गया। उनके निधन के समाचार से जिले में शोक की लहर दौड़ गई।
रविवार को उनका पार्थिव शरीर कचनी स्थित उनके निवास पर पहुंचा, जहां जनप्रतिनिधियों, विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों, समाजसेवियों एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने पहुंचकर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

इस दौरान सीधी सांसद राजेश मिश्रा, सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह, देवसर विधायक राजेंद्र मेश्राम, भाजपा जिलाध्यक्ष सुंदरलाल शाह सहित प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री राधा सिंह ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके अलावा भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस तथा अन्य राजनीतिक दलों के अनेक पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं जिले के गणमान्य नागरिक भी अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे।
रविवार को पूरे विधि-विधान एवं धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ स्वर्गीय संध्या चौबे का अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति ने उनके प्रति समाज में सम्मान और आत्मीयता को दर्शाया।
श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने ईश्वर से प्रार्थना की कि वे दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति दें।स्वर्गीय संध्या चौबे के निधन से चौबे परिवार, उनके शुभचिंतकों तथा जिले के सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र में शोक व्याप्त है। उनका स्नेहपूर्ण व्यवहार और सरल व्यक्तित्व सदैव स्मरणीय रहेगा।












