ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

अटल सामुदायिक भवन बिलौंजी में जन कल्याण शिविर आयोजित

पात्र हितग्राहियों को मिल रहा है योजनाओं का सीधा लाभ

सिंगरौली / अटल सामुदायिक भवन बिलौजी में तीन दिवसीय जन कल्याण शिविर’ का शुभारंभ हो गया है। जिला प्रशासन के मार्गदर्शन एवं नगर पालिक निगम सिंगरौली की आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान के निर्देशन में आयोजित यह विशेष शिविर 15, 16 एवं 18 जून 2026 को लगाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य आम जनता के काम को आसान बनाना और सरकारी योजनाओं को सीधे उनके दरवाजे तक पहुँचाने के साथ-साथ समस्याओं का मौके पर ही निराकरण करना है।

यह शिविर आम नागरिकों के लिए बेहद सुविधाजनक और नागरिक-अनुकूल बनाया गया है, जहाँ पूरे जून महीने चलने वाले ‘पीएम स्वनिधि लोक कल्याण मेले’ का तालमेल भी देखने को मिल रहा है। इससे छोटे कारोबारियों और स्ट्रीट वेंडर्स को सीधा लाभ मिल रहा है। शिविर में नगर निगम के कर्मचारी आधुनिक डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और लैपटॉप के साथ मुस्तैद हैं, ताकि आवेदकों को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें और उनका काम तुरंत ऑनलाइन दर्ज हो सके। यहाँ एक ही छत के नीचे पीएम आवास योजना (शहरी), पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, आयुष्मान भारत, वरिष्ठ नागरिकों के लिए आयुष्मान वय वंदना कार्ड, लखपति दीदी योजना, श्रम योगी मानधन योजना, स्वच्छ भारत मिशन, मुख्यमंत्री संबल 2.0, पीएम जन मन योजना और सभी प्रकार की सामाजिक सुरक्षा पेंशनों के लिए विशेष सहायता केंद्र बनाए गए हैं, जहाँ लोग भारी उत्साह के साथ पहुँच रहे हैं।

नगर निगम आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान ने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए कहा कि नगर निगम का ध्येय ‘श्रम से समृद्धि’ और ‘डिजिटल से समृद्धि’ के संकल्प को धरातल पर उतारना है। यह शिविर नगरीय क्षेत्र के हर गरीब, श्रमिक, महिला और छोटे व्यवसायी को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने का एक बड़ा माध्यम बनकर उभरा है। उन्होंने शिविर का बारीकी से निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही नागरिकों, गृहणियों और वेंडर्स से अपील की है कि वे 16 और 18 जून को भी आयोजित होने वाले इस शिविर में अपने पहचान पत्र, बैंक पासबुक और समग्र आईडी जैसे आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुँचकर इस पारदर्शी और त्वरित सेवा का सीधा लाभ उठाए।इस अवसर पर नगर निगम के डिप्टी कमिश्नर श्री आरपी बैस, सहायक यंत्री प्रवीण गोस्वामी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button