ग्वालियर में भीषण सड़क हादसा, दो ट्रक चालकों की जिंदा जलकर मौत

ग्वालियर। जिले के बेहट थाना क्षेत्र अंतर्गत फूले का पुरा गांव के पास बुधवार को हुए भीषण सड़क हादसे में दो ट्रक चालकों की जिंदा जलकर मौत हो गई। आमने-सामने की टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई, जिससे चालक केबिन में ही फंस गए और बाहर नहीं निकल सके।
पुलिस के अनुसार दतिया की ओर जा रहा डंपर और ग्वालियर की तरफ आ रहा ट्रक आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद एक वाहन का डीजल टैंक फट गया, जिससे आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते दोनों वाहन आग के गोले में तब्दील हो गए।
मृतकों की पहचान मुरैना निवासी 30 वर्षीय जितेंद्र सिंह गुर्जर और बंगरोली निवासी सुरेंद्र सिंह गुर्जर के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों चालक स्टीयरिंग और सीट के बीच फंस गए थे। आग लगने के बाद उन्हें बचाने का प्रयास किया गया, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि कोई भी वाहन के करीब नहीं पहुंच सका।
घटना की सूचना पर बेहट थाना पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने आग बुझाने और केबिन के दरवाजे तोड़कर चालकों को निकालने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। दमकल दल के पहुंचने तक दोनों चालकों की मौत हो चुकी थी।
फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे के पीछे तेज रफ्तार या ओवरटेकिंग की आशंका जताई जा रही है।













