ब्रेकिंग न्यूज़भोपालमध्य प्रदेश

दो साल से न्याय नहीं मिलने पर बेटे संग आत्मदाह करने पहुंचा युवक, एसपी कार्यालय के बाहर हंगामा

 

छतरपुर। जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक अपने बेटे के साथ खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह करने पहुंच गया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। समझाइश के बाद दोनों को शांत कराया गया।

आत्मदाह का प्रयास करने वाले प्रमोद तिवारी ने आरोप लगाया कि दो वर्ष पूर्व उनके घर से लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी हुए थे, लेकिन आज तक उन्हें न्याय नहीं मिला। उनका कहना है कि चोरी का माल बरामद होने के बावजूद पुलिस ने उसे वापस नहीं दिलाया। उन्होंने तत्कालीन नौगांव थाना प्रभारी सहित पुलिस विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

प्रमोद तिवारी के अनुसार, न्याय की उम्मीद में वह अब तक 55 से अधिक आवेदन विभिन्न अधिकारियों को दे चुके हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मामले में हाईकोर्ट में गलत जानकारी प्रस्तुत की गई, जिससे उन्हें राहत नहीं मिल सकी।

पीड़ित ने कहा कि लगातार उपेक्षा और न्याय नहीं मिलने के कारण उनका परिवार आर्थिक और मानसिक संकट से गुजर रहा है। इसी से परेशान होकर उन्होंने आत्मदाह जैसा कदम उठाने का प्रयास किया। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर अपनी पीड़ा बताने की मांग भी की है।

घटना के बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। फिलहाल मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। वहीं पुलिस अधिकारियों की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

Author

Related Articles

Back to top button