ब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

नीट परीक्षा में अनियमितताओं पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, निष्पक्ष जांच की मांग

 

सिंगरौली। जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में नीट (NEET) परीक्षा में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक और परीक्षा प्रक्रिया में सामने आई खामियों को लेकर चिंता जताई गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि इस पूरे प्रकरण ने लाखों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के विश्वास को प्रभावित किया है तथा युवाओं के भविष्य पर सवाल खड़े किए हैं।

जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान ने कहा कि नीट जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में सामने आई गड़बड़ियों ने छात्रों की वर्षों की मेहनत पर प्रश्नचिह्न लगा दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने में केंद्र सरकार विफल रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं के सपनों और अधिकारों की रक्षा करना सरकार की जिम्मेदारी है।

जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण की अध्यक्ष सरस्वती सिंह ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था पर से छात्रों और अभिभावकों का भरोसा कमजोर होना पूरे समाज के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने मांग की कि परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी और विश्वसनीय बनाया जाए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

प्रेस वार्ता में कांग्रेस सेवादल ग्रामीण अध्यक्ष रुपेश चंद्र पांडे ने एक अभिभावक के रूप में अपनी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों की पढ़ाई पर परिवार अपनी गाढ़ी कमाई खर्च करता है, ऐसे में परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल उठना बेहद चिंताजनक है।

कांग्रेस नेताओं ने संयुक्त रूप से मांग की कि नीट परीक्षा से जुड़े पूरे मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराई जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस व्यवस्था बनाई जाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों, अभिभावकों और युवाओं के हितों की आवाज उठाती रहेगी।

Author

Related Articles

Back to top button