तालाब में जहर मिलाकर 15 वन्यजीवों का शिकार, तीन आरोपी गिरफ्तार

कटनी। मध्य प्रदेश के कटनी जिले के विजयराघवगढ़ वन परिक्षेत्र में तालाब के पानी में जहर मिलाकर 15 वन्यजीवों के शिकार के मामले में वन विभाग ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने वन्यजीवों का शिकार कर उनका मांस प्राप्त करने के उद्देश्य से तालाब में जहरीला पदार्थ मिलाने की बात स्वीकार की है।
वन विभाग के अनुसार गुरुवार को पुरैनी बीट के एक तालाब के पास बड़ी संख्या में वन्यजीवों के शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची टीम ने जांच के दौरान 13 चीतल और दो सांभर मृत अवस्था में बरामद किए। इसके बाद सभी शवों का पंचनामा बनाकर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान मुखबिरों और स्थानीय लोगों से मिली सूचना के आधार पर शुक्रवार सुबह तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में उनकी संलिप्तता सामने आने पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों की पहचान दडोरी निवासी आल्हा पारधी, घोगरी निवासी सुरेश चौधरी और बरहाटोला निवासी दुर्गेश केवट के रूप में हुई है।
वन विभाग ने तीनों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस घटना में अन्य लोग भी शामिल थे या नहीं। वन विभाग पूरे मामले की विस्तृत जांच में जुटा हुआ है।













