सिंगरौली नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास) की बैठक सफलतापूर्वक संपन्न

सिंगरौली; जिले की नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास), सिंगरौली की बैठक दिनांक 29 जून 2026 को बैढ़न में आयोजित की गई। बैठक का आयोजन एनसीएल मुख्यालय, सिंगरौली के तत्वावधान में किया गया, जबकि पावर ग्रिड कॉरपोरेशन, विंध्यनगर ने संयोजक कार्यालय की भूमिका का सफलतापूर्वक निर्वहन किया।
बैठक की अध्यक्षता एनसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) एवं अध्यक्ष, नराकास सिंगरौली ने की। इस अवसर पर श्री राम रेखा यादव, महाप्रबंधक, पावर ग्रिड कॉरपोरेशन, विंध्यनगर; श्री किशोर कुमार होता, कार्यकारी निदेशक, एनटीपीसी लिमिटेड; तथा श्री नवीन निश्चल, सहायक आयुक्त एवं क्षेत्रीय प्रभारी, सीएमपीएफ, सिंगरौली मंचासीन रहे। बैठक में नराकास सिंगरौली के कुल 24 सदस्य कार्यालयों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। जिसमें एनसीएल की विभिन्न परियोजनाओं के अधिकारी तथा पावर ग्रिड कॉरपोरेशन, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ), विंध्यनगर; भारतीय स्टेट बैंक, वैढ़न; डाक विभाग; यूनियन बैंक; भारतीय रेल; बीईएमएल; बीएसएनएल एवं अन्य सरकारी संस्थानों के राजभाषा अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में सदस्य कार्यालयों में राजभाषा हिन्दी के प्रभावी क्रियान्वयन, कार्यालयीन कार्यों में हिन्दी के प्रयोग को बढ़ावा देने तथा राजभाषा संबंधी गतिविधियों की समीक्षा पर विस्तृत चर्चा की गई। सदस्य कार्यालयों द्वारा राजभाषा के क्षेत्र में किए जा रहे उल्लेखनीय कार्यों एवं नवाचारों को साझा किया गया तथा राजभाषा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आवश्यक सुझावों पर विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर नराकास सिंगरौली परिवार का विस्तार करते हुए चार नए सदस्य कार्यालयों का स्वागत किया गया। इनमें केंद्रीय विद्यालय, सिंगरौली; केंद्रीय विद्यालय, जयंत; सीएमपीएफओ, जयंत; तथा टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड, अमेलिया कोयला खदान, सिंगरौली को नराकास सिंगरौली की सदस्यता प्रदान की गई।
बैठक के अंत में सभी सदस्य कार्यालयों ने राजभाषा हिन्दी के अधिकाधिक प्रयोग तथा भारत सरकार की राजभाषा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। अध्यक्ष महोदय ने सभी सदस्य कार्यालयों से राजभाषा संबंधी कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा कार्यालयीन कार्यों में हिन्दी के प्रयोग को निरंतर बढ़ावा देने का आह्वान किया। बैठक में राजेश त्रिवेदी, महाप्रबंधक (राजभाषा), एनसीएल एवं सचिव, नराकास सिंगरौली भी उपस्थित रहे।बैठक का समापन सभी प्रतिभागियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन के साथ सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुआ।













