बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

समय-सीमा बैठक में कलेक्टर ने विभागीय कार्यों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना सुनिश्चित करें अधिकारी : अंकित अस्थाना

सिंगरौली, 16 नवंबर 2026। कलेक्टर श्री अंकित अस्थाना की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समय-सीमा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के विभागीय कार्यों, शासन की योजनाओं एवं लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समय-सीमा के प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण सुनिश्चित करें तथा शासकीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करें। राजस्व विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने नामांतरण, बंटवारा एवं सीमांकन के लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने तथा स्वामित्व योजना के निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कोटवारों के रिक्त पदों की पूर्ति के लिए आवश्यक कार्यवाही करने तथा कोटवारों के साथ समन्वय स्थापित कर राजस्व संबंधी कार्यों का प्रभावी संपादन सुनिश्चित करने को कहा। न्यायालयीन प्रकरणों में एक सप्ताह के भीतर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।

स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने सभी एसडीएम को अपने-अपने अनुविभाग के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता एवं व्यवस्थाओं में सुधार सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पशु एम्बुलेंस के सुचारु संचालन के लिए रूट चार्ट तैयार करने तथा पशुपालकों को राज्य शासन द्वारा प्रदान किए जाने वाले गोपाल कृष्ण सम्मान के संबंध में जागरूक करने को कहा, जिससे अधिक से अधिक पात्र पशुपालक योजना का लाभ प्राप्त कर सकें। किसान हित एवं उपार्जन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कोदो-कुटकी उपार्जन के लिए अधिक से अधिक किसानों का पंजीयन कराने के निर्देश दिए, ताकि पात्र किसानों को उपार्जन का लाभ मिल सके। वहीं, शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान डीपीसी को सभी विद्यार्थियों की अपार आईडी शत-प्रतिशत तैयार कराने तथा नवीन विद्यालय भवनों के निर्माण के लिए आवश्यक प्राक्कलन तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

स्वरोजगार योजनाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने पशुपालक किसानों को पशुपालन किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) योजना का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्यवाही करने को कहा। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को अपने विभाग से संबंधित स्वरोजगार योजनाओं के निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति के लिए बैंकों में अधिक से अधिक प्रकरण प्रस्तुत करने तथा योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के लिए शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि विभागीय अधिकारी शिकायतों का तत्परता से निराकरण करें तथा जिले की रैंकिंग में सुधार लाएं। कोई भी शिकायत अनअटेंडेड नहीं रहनी चाहिए। 300 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों के निराकरण के लिए संबंधित शिकायतकर्ताओं को कार्यालय बुलाकर उनकी समस्याएं सुनें तथा संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करें। जनसुनवाई में बार-बार आवेदन प्रस्तुत करने वाले आवेदकों के प्रकरणों की विशेष निगरानी करते हुए उन्हें निराकरण की वास्तविक स्थिति से अवगत कराने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि समय-सीमा के प्रकरणों को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। लंबित प्रकरणों में अनावश्यक विलंब न हो तथा शासन की योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। प्रत्येक अधिकारी अपने विभागीय दायित्वों का गंभीरता एवं जवाबदेही के साथ निर्वहन करें। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री संघप्रिय, अपर कलेक्टर श्री पीएस त्रिपाठी, एसडीएम देवसर श्री सुशीर श्रीकृष्ण श्रीराम, सहायक कलेक्टर सुश्री सौम्या मिश्रा, संयुक्त कलेक्टर श्री अमित सिंह बम्हरौलिया, श्री प्रशांत मिश्रा, एसडीएम सिंगरौली श्री सुरेश जाधव, एसडीएम माड़ा श्री नंदन तिवारी, एसडीएम चितरंगी श्री देवेन्द्र द्विवेदी, नगर निगम आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान, डिप्टी कलेक्टर श्री सौरभ मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के जिलाधिकारी उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button