बड़ी खबरब्रेकिंग न्यूज़मध्य प्रदेशसिंगरौली

नगर निगम आयुक्त ने राजस्व वसूली की समीक्षा कर दिए सख्त निर्देश

बड़े बकायेदारों को अंतिम नोटिस जारी करने के निर्देश, भुगतान नहीं करने पर होगी कुर्की की कार्रवाई

सिंगरौली, 16 नवंबर 2026। नगर पालिक निगम सिंगरौली की राजस्व आय में वृद्धि करने तथा निर्धारित वित्तीय लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नगर निगम आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान ने राजस्व विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में संपत्तिकर, जलकर, समेकित कर, दुकान किराया सहित विभिन्न मदों में वार्डवार राजस्व वसूली की प्रगति की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने बकाया करों की वसूली में तेजी लाने तथा लक्ष्य के अनुरूप कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

आयुक्त श्रीमती प्रधान ने स्पष्ट निर्देश दिए कि लंबे समय से कर जमा नहीं करने वाले बड़े बकायेदारों को चिन्हित कर तत्काल अंतिम नोटिस जारी किए जाएं। नोटिस के बाद निर्धारित समयावधि में बकाया राशि जमा नहीं करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कुर्की एवं नल कनेक्शन विच्छेद की कार्रवाई की जाए। उन्होंने डिप्टी कमिश्नर को वार्डवार एवं मदवार राजस्व वसूली के लक्ष्य निर्धारित कर नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। साथ ही राजस्व वसूली में लापरवाही एवं निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य नहीं करने वाले कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय कर उनके विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। आगामी लोक अदालत को दृष्टिगत रखते हुए आयुक्त ने निर्देशित किया कि लोक अदालत के आयोजन से पूर्व संबंधित बकायेदारों को शत-प्रतिशत नोटिस वितरित एवं तामील कराए जाएं, ताकि अधिक से अधिक करदाताओं को बकाया राशि जमा करने का अवसर मिल सके और राजस्व वसूली में अपेक्षित प्रगति हासिल हो।

आयुक्त ने प्रमुख वार्डों एवं व्यावसायिक क्षेत्रों में स्थित व्यावसायिक परिसरों, औद्योगिक कंपनियों एवं शासकीय विभागों पर बकाया करों तथा सेवा प्रभारों की वसूली के लिए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने नागरिकों को ऑनलाइन एवं डिजिटल माध्यमों से कर भुगतान के लिए प्रोत्साहित करने पर भी जोर दिया।आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान ने शहरवासियों से अपील की कि वे नगर के विकास में अपनी सहभागिता सुनिश्चित करते हुए निर्धारित समय पर संपत्तिकर, जलकर एवं अन्य बकाया करों का भुगतान करें। समय पर कर जमा करने से नगर निगम की राजस्व व्यवस्था सुदृढ़ होगी तथा दंडात्मक कार्रवाई से भी बचा जा सकेगा। बैठक के दौरान नगर निगम के डिप्टी कमिश्नर आरपी बैस, प्रभारी अधिकारी नवजीवन विहार जोन रणबहादुर सिंह सहित वार्ड प्रभारी उपस्थित रहे।

Author

Related Articles

Back to top button