आदिवासी अधिकारों और वोट चोरी के आरोपों पर कांग्रेस की जन चौपाल
सरई की पेड़रा ग्राम पंचायत में ग्रामीणों ने जल-जंगल-जमीन की लड़ाई और लोकतंत्र की रक्षा के लिए एकजुट होने का लिया संकल्प

सिंगरौली। आदिवासी अधिकारों, स्थानीय समस्याओं और वोट चोरी के आरोपों को लेकर कांग्रेस ने सरई क्षेत्र की पेड़रा ग्राम पंचायत में जन चौपाल आयोजित की। दिल्ली से नियुक्त पर्यवेक्षक एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक राव भाई जगताप मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं रखीं।
जन चौपाल में आदिवासियों पर कथित अत्याचार, जल-जंगल-जमीन के अधिकार, मनरेगा में अनियमितताओं, निर्वाचन आयोग की कार्यप्रणाली, वोट चोरी के आरोपों और कंपनियों द्वारा ग्रामीणों के साथ कथित अन्याय जैसे मुद्दों पर चर्चा हुई।
अशोक राव भाई जगताप ने कहा कि आदिवासी समाज के जल, जंगल और जमीन पर अधिकारों की रक्षा जरूरी है। उन्होंने वोट को लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए चुनावी प्रक्रिया में गड़बड़ी के आरोपों के खिलाफ कांग्रेस की लड़ाई जारी रखने की बात कही। जिला कांग्रेस प्रभारी कविता पाण्डेय, शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सिंह चौहान और ग्रामीण अध्यक्ष सरस्वती सिंह ने भी ग्रामीणों से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और संगठित रहने की अपील की।
जन चौपाल के समापन पर ग्रामीणों ने आदिवासी अधिकारों की रक्षा, कथित अत्याचारों के विरोध और वोट चोरी के खिलाफ कांग्रेस की मुहिम में सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में बंसमणि प्रसाद वर्मा, सोनम सिंह, राजकुमार सिंह, ज्ञानेंद्र द्विवेदी, सुरेश दुबे, संकठा सिंह, देवेंद्र पाठक, कमलेश सिंह, केशव सिंह, धर्मेंद्र दुबे, राजकुमार दीपांकर, रणबहादुर सिंह, भाईलाल शर्मा, विपिन तिवारी, पंकज पाण्डेय, महमूद खान सहित सैकड़ों ग्रामीण और कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।













