एनसीएल में 66 कर्मियों को भावभीनी विदाई, सेवाकाल पूर्ण होने पर हुए सेवानिवृत्त
मुख्यालय के 5 कर्मचारियों सहित 66 कर्मियों का सम्मान, अधिकारियों ने दी स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन की शुभकामनाएं

सिंगरौली। कोल इंडिया की अग्रणी अनुषंगी कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) में जून माह के अंत में मुख्यालय के पांच कर्मियों सहित कुल 66 कर्मचारी अधिवर्षिता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्त हुए। इस अवसर पर एनसीएल मुख्यालय सहित विभिन्न परियोजनाओं एवं इकाइयों में सम्मान समारोह आयोजित कर सेवानिवृत्त कर्मियों को भावभीनी विदाई दी गई।
मुख्यालय से सेवानिवृत्त होने वालों में मुख्य प्रबंधक (उत्खनन) शशि शेखर प्रसाद सिंह, वरीय प्रबंधक (सचिवीय-राजभाषा) हुकुम सिंह अहरवार, सहायक पर्यवेक्षक (परिवहन) नागेंद्र प्रसाद, पम्प ऑपरेटर जी. मलेशू तथा केंद्रीय चिकित्सालय की सामान्य सहायक श्रीमती कमला शामिल हैं।
समारोह में निदेशक (कार्मिक) मनीष कुमार ने कहा कि सेवानिवृत्ति सेवाकाल का स्वाभाविक पड़ाव है। सभी कर्मियों ने अपने समर्पण और कर्मनिष्ठा से कंपनी की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारी एनसीएल के ब्रांड एम्बेसडर हैं और एनसीएल परिवार सदैव उनके साथ खड़ा रहेगा।
निदेशक (तकनीकी/संचालन) आशुतोष द्विवेदी ने कहा कि अनुभवी कर्मियों का योगदान एनसीएल की सफलता की मजबूत नींव रहा है। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों के स्वस्थ, सुखद एवं सक्रिय जीवन की कामना करते हुए उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह के दौरान सेवानिवृत्त कर्मियों ने भी एनसीएल परिवार के प्रति कृतज्ञता जताई और कंपनी के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।













