नगर निगम आयुक्त ने किया जुड़वा तालाब का निरीक्षण
सौंदर्यीकरण एवं जनसुविधाओं के विस्तार के दिए निर्देश

सिंगरौली,/ नगर निगम आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान ने शहर स्थित जुड़वा तालाब क्षेत्र का निरीक्षण कर वहां प्रस्तावित सौंदर्यीकरण एवं विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तालाब परिसर को स्वच्छ, आकर्षक एवं नागरिकों के लिए उपयोगी पर्यटन एवं मनोरंजन स्थल के रूप में विकसित करने के उद्देश्य से संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।आयुक्त श्रीमती प्रधान ने तालाब परिसर की बाउंड्री के चारों ओर व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कराने के निर्देश देते हुए कहा कि हरित वातावरण विकसित होने से क्षेत्र की सुंदरता बढ़ेगी तथा नागरिकों को स्वच्छ एवं सुखद वातावरण प्राप्त होगा। उन्होंने तालाब परिसर में आकर्षक फाउंटेन स्थापित करने, म्यूजिक सिस्टम की व्यवस्था करने तथा बैठने, भ्रमण एवं मनोरंजन संबंधी सुविधाओं को विकसित करने के निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने कहा कि जुड़वा तालाब शहर की महत्वपूर्ण धरोहर है तथा इसे नागरिकों के लिए एक बेहतर सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित किया जाना प्राथमिकता में है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सौंदर्यीकरण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं। इस अवसर पर अधिकारियों द्वारा जानकारी दी गई कि तालाब क्षेत्र के विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्य दानी कंपनी के सहयोग से कराए जाएंगे। आयुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को समन्वय बनाकर कार्यों को शीघ्र प्रारंभ कराने एवं नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डिप्टी कमिश्नर आरपी बैस, सहायक यंत्री प्रवीण गोस्वामी, उपयंत्री विपिन तिवारी उपस्थित रहे।











