वार्ड- 18 की जनसमस्याओं के समाधान के लिए मेयर से मिले भाजपा प्रदेश प्रवक्ता नरेश अरोड़ा

मनोज शर्मा, चंडीगढ़ । वार्ड- 18 के सेक्टर-20 एवं सेक्टर-30 के निवासियों की लंबे समय से लंबित जनसमस्याओं के समाधान को लेकर भारतीय जनता पार्टी, चंडीगढ़ के प्रदेश प्रवक्ता नरेश अरोड़ा ने गुरुवार को चंडीगढ़ के मेयर से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की विभिन्न नागरिक समस्याओं से अवगत कराते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की।
नरेश अरोड़ा ने मेयर को बताया कि सेक्टर-30 में लंबे समय से पेयजल आपूर्ति प्रभावित है। इसके अलावा सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइटों की खराब स्थिति तथा नगर निगम से संबंधित अन्य समस्याओं के कारण स्थानीय लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, सेक्टर-20 में भी मूलभूत नागरिक सुविधाओं से जुड़े कई मुद्दों के समाधान की आवश्यकता है।
मेयर सौरभ जोशी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने तथा जनहित से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहरवासियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और नागरिकों की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता नरेश अरोड़ा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जनता के हितों और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि मेयर एवं नगर निगम प्रशासन के सहयोग से सेक्टर-20 और सेक्टर-30 के निवासियों की समस्याओं का जल्द समाधान होगा। उन्होंने यह भी कहा कि जनहित के मुद्दों को आगे भी लगातार प्रशासन के समक्ष उठाया जाएगा तथा उनके समाधान तक संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय बनाए रखा जाएगा।













